शिवपुरी, भतीजी की डोली उठने से पहले उठ गई चाचा की अर्थी, सड़क पर वाहन ने कुचल दिया

vikas
0
shivpuri-samachar

करैरा।
शिवपुरी जिले के करैरा अनुविभाग के अमोला थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। भतीजी की शादी में शामिल होने आया 35 वर्षीय युवक अज्ञात वाहन की टक्कर का शिकार हो गया। हादसा इतना भीषण था कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद शादी वाले घर में चीख-पुकार मच गई और खुशियों का माहौल गम में बदल गया।

जानकारी के अनुसार अमोला क्रेशर निवासी इंदल उम्र 35 साल पुत्र मेहरबान परिहार अपनी भतीजी की शादी में शामिल होने के लिए अमोला कॉलोनी क्रमांक-1 आया था। सोमवार रात विवाह समारोह संपन्न होने के बाद मंगलवार सुबह करीब 10 बजे वह किसी आवश्यक कार्य से बाइक पर सवार होकर अमोला कॉलोनी क्रमांक-2 जा रहा था।

इसी दौरान कोटा-झांसी हाईवे पर स्थित उत्कर्ष होटल के पास पीछे से आ रहे एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इंदल सड़क पर दूर जा गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे तथा तत्काल अमोला थाना पुलिस और परिजनों को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने मर्ग कायम कर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि हादसे के जिम्मेदार वाहन और चालक की पहचान की जा सके।

इस दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। जिस घर में कुछ घंटे पहले तक शादी की खुशियां और मंगल गीत गूंज रहे थे, वहां अब मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में घटना को लेकर शोक का माहौल है।

Post a Comment

0Comments

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!