पोहरी, अरविंद धाकड पर बरसाई लाठिया, फिर अधमरे को जिंदा फूक दिया मौत

vikas
0
shivpuri-samachar

पोहरी। शिवपुरी जिले के पोहरी थाना क्षेत्र के नयागांव में जमीन के लंबे समय से चले आ रहे विवाद ने शनिवार को खूनी मोड़ ले लिया। खेत पर फसल देखने गए एक ग्रामीण पर कथित तौर पर पहले लाठियों से बेरहमी से हमला किया गया, फिर ट्रैक्टर से डीजल निकालकर उसके शरीर पर डाल दिया गया और आग के हवाले कर दिया गया। गंभीर रूप से झुलसे ग्रामीण ने जिला अस्पताल में उपचार के दौरान शनिवार सुबह दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है।

मृतक की पहचान अरविंद धाकड़ के रूप में हुई है। परिजनों का कहना है कि परिवार के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था और मामला न्यायालय में विचाराधीन है। इसी विवादित जमीन पर गुरुवार को अरविंद धाकड़ और उनके परिजनों ने बोवनी की थी। माना जा रहा है कि इसी बात को लेकर पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया।

पोते के सामने हुआ हमला, जान बचाकर भागा
परिजनों के अनुसार, शुक्रवार दोपहर अरविंद धाकड़ अपने पोते अंशुल धाकड़ के साथ खेत पर फसल देखने पहुंचे थे। तभी प्रकाश धाकड़, आशा धाकड़, बंटी धाकड़, हरिओम धाकड़, हरिशंकर और विमल धाकड़ वहां पहुंच गए। आरोप है कि सभी ने आते ही अरविंद और उनके पोते पर लाठियों से हमला शुरू कर दिया।

अंशुल ने बताया कि वह किसी तरह अपनी जान बचाकर खेत से भाग निकला। दूर से उसने देखा कि आरोपी उसके दादा के साथ लगातार मारपीट कर रहे थे। इसके बाद आरोपियों ने ट्रैक्टर से डीजल निकाला, अरविंद धाकड़ के ऊपर डाल दिया और उन्हें आग के हवाले कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

मोबाइल नहीं था, दौड़कर गांव पहुंचा पोता
घटना के समय अंशुल के पास मोबाइल फोन नहीं था। वह दौड़ते हुए गांव पहुंचा और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से झुलसे अरविंद धाकड़ को तत्काल पोहरी स्वास्थ्य केंद्र लेकर गए। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल शिवपुरी रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन शरीर का बड़ा हिस्सा झुलस जाने के कारण शनिवार सुबह करीब पांच बजे उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

पुलिस जुटी जांच में
पोहरी थाना प्रभारी रवि चौहान ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।


Post a Comment

0Comments

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!