शिवपुरी। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा द्वारा पोहरी विकासखंड में किए गए आकस्मिक निरीक्षण के दौरान पाई गई गंभीर लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई की गई है। कलेक्टर श्री वर्मा के निर्देश पर महिला एवं बाल विकास परियोजना पोहरी द्वारा आंगनवाड़ी केंद्र गाजीगढ़-02 में पदस्थ कार्यकर्ता श्रीमती सगुन जाटव को तत्काल प्रभाव से पद से पृथक कर दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा द्वारा गतदिनों आंगनवाड़ी केंद्र गाजीगढ़-02 का आकस्मिक निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान आंगनवाड़ी केंद्र बंद पाया गया। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती सगुन जाटव बिना किसी पूर्व सूचना के अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित पाई गईं। इसके साथ ही केंद्र के परिसर में बाहरी व्यक्ति का निवास व सामान रखा पाया गया, जिसके संबंध में कोई पूर्व सूचना या अनुमति नहीं दी गई थी।
निरीक्षण के उपरांत परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास पोहरी द्वारा 25 अगस्त 2026 को संबंधित कार्यकर्ता को कारण बताओ सूचना पत्र जारी कर 3 दिवस में स्पष्टीकरण मांगा गया था। कार्यकर्ता श्रीमती सगुन जाटव द्वारा प्रस्तुत किया गया जवाब असंतोषजनक पाया गया। जवाब असंतोषजनक पाए जाने पर मध्य प्रदेश शासन महिला एवं बाल विकास विभाग के नियमों व प्रावधानों के तहत अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) परगना पोहरी से प्राप्त अनुमोदन के क्रम में परियोजना अधिकारी श्री नीरज सिंह गुर्जर द्वारा आंगनवाड़ी कार्यकर्ता को सेवा से पृथक करने का आदेश जारी किया गया है।
जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन और आंगनवाड़ी केंद्रों के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनाधिकृत अनुपस्थिति बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा ऐसी अनियमितताओं पर कड़ी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।