शिवपुरी। शिवपुरी-श्योपुर जिले की सीमा पर स्थित बैचाई के जंगलो मे ग्रमीण से बंदूक और कारतूस लूटने वाले गिरोह के सरगने का अवैध अंतिक्रमण बैराड प्रशासन और पुलिस ने जमीदौज कर दिया। बैराड थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी पर 6 मामले दर्ज है। इस गिरोह का सरगने को गिरफ्तार कर लिया गया है बाकी अभी सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
जंगल में ग्रामीण को घेरकर लूटी थी बंदूक
जानकारी के अनुसार,श्योपुर जिले के गसवानी थाना क्षेत्र के बैंचाई जंगल में कुछ दिन पहले एक ग्रामीण के साथ बंदूक लूट की वारदात हुई थी। बदमाशों ने ग्रामीण से 315 बोर की बंदूक और कारतूस लूट लिए थे। जंगल के इलाके में हुई इस वारदात के बाद पुलिस के सामने आरोपियों की पहचान और लूटे गए हथियारों की बरामदगी बड़ी चुनौती थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, साइबर सेल और अपने इंटेलिजेंस नेटवर्क की मदद से संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाई। इसके बाद अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर मुख्य आरोपी तक पहुंच बनाई गई।
24 घंटे में मुख्य आरोपी पुलिस के शिकंजे में
पुलिस ने रामअवतार उर्फ छोटू बेटा धीरज सिंह यादव निवासी बैराड़ को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपी ने वारदात में अपने साथियों कृष्णा गुर्जर, गोलू यादव और भूरा यादव के शामिल होने की जानकारी दी है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर बैंचाई जंगल से लूटी गई बंदूक और 13 जिंदा कारतूस बरामद किए। इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो भी पुलिस ने जब्त कर ली। मामले में नाम सामने आए तीन अन्य आरोपी फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
लूट और भैंस चोरी के नेटवर्क की जांच
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि आरोपी और उसके साथी कथित रूप से गिरोह बनाकर आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देते हैं। इनमें लूट और भैंस चोरी जैसी वारदातों का भी उल्लेख सामने आया है। अब पुलिस केवल बंदूक लूटकांड तक सीमित न रहकर आरोपी और उसके साथियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड तथा उनके नेटवर्क की भी पड़ताल कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने इससे पहले और किन-किन वारदातों को अंजाम दिया है और इनके साथ अन्य लोग भी जुड़े हैं या नहीं।
बैराड़ में आरोपी के अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर
इधर, बंदूक लूटकांड में मुख्य आरोपी के रूप में सामने आए रामअवतार उर्फ छोटू के खिलाफ बैराड़ में प्रशासन ने भी कार्रवाई की। प्रशासन के अनुसार आरोपी ने बैराड थाना सीमा मे स्थित भौराना हलके के सर्वे नंबर 40/1, रायपुर तिराहे के पास शासकीय भूमि पर कथित रूप से अवैध कब्जा कर पक्की दुकान और टीन शेड बना रखा था। प्रशासन को यहां से अवैध शराब बिक्री की शिकायतें भी मिलने की बात सामने आई है। इसके बाद तहसीलदार दृगपाल सिंह बैस और बैराड़ थाना प्रभारी सुरेश चंद्र शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मौके पर प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर कथित अवैध निर्माण और टीन शेड को ध्वस्त कर दिया।
दुकान के पीछे लगा मिला विद्युत ट्रांसफार्मर
प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान दुकान के पीछे कथित रूप से अवैध तरीके से लगाया गया विद्युत ट्रांसफार्मर भी मिला। कार्रवाई के दौरान ट्रांसफार्मर को जब्त कर विद्युत विभाग के सुपुर्द किया गया। इस कार्रवाई के बाद प्रशासन ने शासकीय भूमि पर किए गए कथित अतिक्रमण को पूरी तरह हटा दिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर मौजूद रहा।
आरोपी पर पहले से दर्ज हैं 6 मामले
बैराड़ थाना प्रभारी सुरेश चंद्र शर्मा ने बताया कि रामअवतार उर्फ छोटू के खिलाफ पहले से छह आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। अब बैंचाई जंगल में हुई बंदूक लूट की वारदात में उसकी गिरफ्तारी के बाद उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। पुलिस के लिए अब सबसे बड़ी चुनौती फरार तीन आरोपियों को पकड़ना और यह पता लगाना है कि गिरोह ने पूर्व में किन-किन वारदातों को अंजाम दिया है।
.webp)
प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।