शिवपुरी। किसी के हाथ में शील्ड थी तो किसी के चेहरे पर उपलब्धि की चमक। किसी ने बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल कर परिवार और समाज का नाम रोशन किया तो किसी ने UPSC, PSC, NEET, IIT और खेल के मैदान में अपनी प्रतिभा का परचम लहराया।
रविवार को शिवपुरी का होटल शगुन वाटिका ऐसे ही होनहारों की उपलब्धियों का गवाह बना, जहां वैश्य महासम्मेलन के संभागीय सम्मेलन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह-2026 में 100 से अधिक प्रतिभाओं का सम्मान कर उनका उत्साह बढ़ाया गया।
वैश्य महासम्मेलन मध्यप्रदेश, संभाग शिवपुरी के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में शिवपुरी के साथ गुना और अशोकनगर जिले से समाज के पदाधिकारी, तहसील अध्यक्ष-प्रभारी, कार्यकारिणी सदस्य, विद्यार्थी, अभिभावक और समाजजन बड़ी संख्या में शामिल हुए। समारोह में शिक्षा के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं, खेल और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय सफलता हासिल करने वाली प्रतिभाओं को शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
दीप प्रज्वलन से शुरुआत, प्रतिभाओं के सम्मान से बढ़ा उत्साह
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद सिद्धि, राहुल एवं सीमा पल्लीवाल ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। मंच पर मौजूद अतिथियों ने प्रतिभाओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। सम्मान समारोह में कक्षा 10वीं और 12वीं में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के साथ UPSC, PSC, NEET, IIT, खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल करने वाले विद्यार्थियों और प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों के चेहरे पर सम्मान मिलने की खुशी साफ नजर आई, वहीं अभिभावकों के लिए भी यह पल गर्व से भरा रहा।
प्रतिभाओं का सम्मान समाज और राष्ट्र के विकास की आधारशिला’
संभागीय अध्यक्ष देवेंद्र जैन खतौरा ने स्वागत भाषण में कहा कि वैश्य महासम्मेलन समाज के सकारात्मक सरोकारों से जुड़कर प्रतिभाओं को लगातार मंच प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान केवल किसी विद्यार्थी का उत्साह बढ़ाना नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के विकास की आधारशिला मजबूत करना है। प्रदेश महामंत्री भरत अग्रवाल ने संगठन की प्रस्तावना और कार्यक्रम की जानकारी देते हुए कहा कि समाज की मजबूती के लिए जरूरी है कि लोग एक-दूसरे के सुख-दुख में भागीदार बनें। उन्होंने कहा कि जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति दूसरे की चिंता करेगा और जरूरत के समय मदद के लिए आगे आएगा, तभी संगठन वास्तव में मजबूत बनेगा।
विधायक बोले- राजनीतिक क्षेत्र में कमजोर हुआ वैश्य वर्ग
समारोह के मुख्य अतिथि शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन ने वैश्य समाज की राजनीतिक भागीदारी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि राजनीतिक क्षेत्र में वैश्य वर्ग पहले की तुलना में कमजोर हुआ है और संगठन को इस पर गंभीरता से चिंतन करना होगा। उन्होंने कहा कि यदि समाज और संगठन ठान लें तो अपनी मजबूती फिर से हासिल की जा सकती है। उन्होंने संघ यानी संगठन में ही शक्ति है’ का संदेश देते हुए कहा कि प्रतिभाओं के सम्मान की यह पहल सराहनीय है और इसे लगातार जारी रखा जाना चाहिए।
गांव तक संगठन को मजबूत करना है
समारोह गौरव एवं प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष संदेश जैन जबलपुर ने कहा कि कोई भी संगठन तभी मजबूत बनता है, जब उसकी जड़ें पूरे प्रदेश में मजबूत हों। उन्होंने कहा कि संगठन अब तहसील स्तर से आगे बढ़कर गांवों तक पहुंच रहा है। उन्होंने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा के साथ निभाने का आह्वान किया।
प्रदेश संगठन सह महामंत्री राजकुमार गुप्ता प्रिंस ने कहा कि संगठन की वास्तविक ताकत का पता उस समय चलता है, जब कोई व्यक्ति परेशानी में होता है। उन्होंने कहा कि वैश्य समाज के कार्यकर्ता और पदाधिकारी अलग-अलग जिलों में सजगता के साथ काम कर रहे हैं, जिससे जरूरत के समय समाज के लोगों को दूसरे स्थानों से भी सहयोग मिल सके।
ऑपरेशन सिंदूर’ पर देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुति बनी आकर्षण
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण ऑपरेशन सिंदूर पर आधारित देशभक्ति से ओतप्रोत नृत्य प्रस्तुति रही। प्रस्तुति ने समारोह में मौजूद लोगों में देशभक्ति का जोश भर दिया। विद्यार्थियों और अभिभावकों ने भी प्रस्तुति का उत्साहपूर्वक आनंद लिया।
समाज के विभिन्न घटकों का हुआ सम्मान
समारोह के दौरान समाज के विभिन्न घटकों के अध्यक्षों का भी सम्मान किया गया। मंच से 100 से अधिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। सम्मान पाने वाले विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावकों में भी उत्साह दिखाई दिया। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन वरिष्ठ पत्रकार संजीव बांझल ने किया, जबकि संस्था के जिला अध्यक्ष सिंघई अजीत जैन धोलागढ़ वाले ने आभार व्यक्त किया।
समारोह में प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष संदेश जैन, प्रदेश संगठन सह महामंत्री राजकुमार गुप्ता प्रिंस, प्रदेश महामंत्री भरत अग्रवाल, संभागीय अध्यक्ष देवेंद्र जैन खतौरा, महिला संभाग प्रभारी डॉ. रश्मि गुप्ता, महिला संभागीय अध्यक्ष ज्योति अनिल डेंगरे, युवा संभाग प्रभारी दुर्गेश गुप्ता, संभागीय उपाध्यक्ष कपिल गुप्ता सहित शिवपुरी, गुना और अशोकनगर के जिला अध्यक्ष, प्रभारी, तहसील अध्यक्ष, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे।
प्रतिभाओं को मंच, समाज को नई दिशा
कार्यक्रम की सबसे खास बात यह रही कि समारोह सिर्फ सम्मान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि शिक्षा, प्रतिभा, संगठन और सामाजिक एकजुटता को लेकर भी संदेश देता नजर आया। मंच पर वक्ताओं ने जहां होनहार विद्यार्थियों की उपलब्धियों को समाज की पूंजी बताया, वहीं संगठन को मजबूत करने और जरूरत के समय एक-दूसरे के साथ खड़े रहने पर जोर दिया। विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षाविदों की मौजूदगी ने पूरे आयोजन को उत्साह और प्रेरणा का केंद्र बना दिया। कार्यक्रम के समापन के बाद सभी समाजजनों ने स्वरुचि भोज का आनंद लिया।
.webp)
प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।