Shivpuri News: श्रीमंत सरकार 3 दिन के लिए आ रहे ओर विकास का बडा पैकेज ला रहे हैं, पढिए कार्यक्रम

Lalit Mudgal
0
shivpuri-samachar

शिवपुरी। शिवपुरी-गुना के क्षेत्रीय सासंद और भारत सरकार के केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया 31 अगस्त से 2 सितंबर तक तीन दिवसीय शिवपुरी जिले के प्रवास पर रहेंगे। उनके दौरे को शिवपुरी, कोलारस और पिछोर क्षेत्र के लिए विकास कार्यों की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। तीन दिनों के दौरान केंद्रीय मंत्री दर्जनों विकास कार्यों का लोकार्पण, भूमि पूजन और निरीक्षण करेंगे। साथ ही स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होकर क्षेत्रवासियों से संवाद भी करेंगे।

सिंधिया के दौरे में स्वास्थ्य, बिजली, सड़क, शिक्षा, रेलवे, डाक सेवाओं और प्रशासनिक सुविधाओं से जुड़े कई कार्य शामिल हैं। उनके कार्यक्रम में नए स्वास्थ्य केंद्रों और स्कूल भवनों के लोकार्पण से लेकर विभिन्न सड़कों के निर्माण का भूमि पूजन तथा रेलवे स्टेशन से नई ट्रेन के ठहराव की शुरुआत जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम शामिल हैं।

पहला दिन: स्वास्थ्य केंद्र, सब-स्टेशन और सड़कों की सौगात
31 अगस्त को केंद्रीय मंत्री दोपहर में ग्राम अछरौनी पहुंचेंगे। यहां वे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अछरौनी का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद ग्राम चमरौआ में विद्युत सब-स्टेशन का लोकार्पण किया जाएगा। बामौरकलां में उप तहसील के लोकार्पण के साथ ग्राम पिपरा में सब-स्टेशन का भी शुभारंभ होगा।

इसी दिन ग्राम धपौरा से तेरई रोड तथा ग्राम भगारी से रामपुरा-टपरन रोड के निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया जाएगा। इसके बाद केंद्रीय मंत्री होटल पी.एस. रेसीडेंसी में आयोजित कैट ग्वालियर-चंबल संभागीय व्यापार एवं उद्योग सम्मेलन में भाग लेंगे। दिनभर के कार्यक्रमों के बाद वे टूरिस्ट विलेज शिवपुरी में रात्रि विश्राम करेंगे।

दूसरे दिन रेलवे से लेकर सड़क और शिक्षा क्षेत्र के कार्यों पर फोकस
1 सितंबर को दौरे की शुरुआत श्री चिंताहरण मंदिर में दर्शन से होगी। इसके बाद सिंधिया नव-विकसित अमृत भारत रेलवे स्टेशन शिवपुरी का दौरा करेंगे और पोहरी रेलवे ओवरब्रिज का निरीक्षण करेंगे। सिंहनिवास और रातौर में स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद वे तानपुर पहुंचेंगे। तानपुर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण, सिंहनिवास में विद्युत सब-स्टेशन का लोकार्पण और शासकीय माध्यमिक स्कूल भवन सिंहनिवास का भूमि पूजन किया जाएगा। उप तहसील ठर्रा का लोकार्पण भी इसी दिन प्रस्तावित है।

इसके अलावा पाली-राजगढ़ रोड, कुम्हरौआ से बागरोद रोड वाया पिपरौदा तथा अन्य सड़क निर्माण कार्यों का भूमि पूजन होगा। ग्राम कार्या में हाई स्कूल भवन, ग्राम पंचायत भवन खरई और पड़ोरा चौराहा पर आरसीसी रोड का लोकार्पण किया जाएगा।

इसके बाद केंद्रीय मंत्री लुकवासा में स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। बिजरौनी बायपास रोड तथा दौलतपुर से साईखेड़ा रोड के निर्माण का भूमि पूजन किया जाएगा। कोलारस में स्थानीय कार्यक्रम के बाद कोलारस रेलवे स्टेशन से उज्जैनी एक्सप्रेस ट्रेन क्रमांक 14309/14310 के नए ठहराव का फ्लैग-ऑफ किया जाएगा। इसके बाद सिंधिया शिवपुरी लौटकर टूरिस्ट विलेज में रात्रि विश्राम करेंगे।

तीसरे दिन छात्रावास, डाकघर और प्रशिक्षण केंद्र की सौगात
2 सितंबर को सुबह 10 बजे से कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। केंद्रीय मंत्री पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास 50 सीटर अनुसूचित जाति प्री-मैट्रिक बालक छात्रावास का भूमि पूजन करेंगे। इसके बाद हवाई पट्टी, पीएसक्यू लाइन, सहिसपुरा और झांसी तिराहा शिवपुरी में स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लेंगे। कलेक्ट्रेट शिवपुरी में डीवीएमसी की बैठक में शामिल होने के बाद वे कोर्ट रोड स्थित श्री पार्श्वनाथ जैन श्वेतांबर मूर्तिपूजक संघ पहुंचेंगे, जहां मुख्य प्रवेश द्वार एवं कीर्ति स्तंभ का भूमि पूजन प्रस्तावित है।

इसके बाद प्रधान डाकघर शिवपुरी का लोकार्पण तथा ककरवाया, लॉ कॉलेज के पास पोस्टल प्रशिक्षण केंद्र का भूमि पूजन किया जाएगा। स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद केंद्रीय मंत्री ग्वालियर के लिए रवाना होंगे।

तीन दिनों में विकास का बड़ा पैकेज
केंद्रीय मंत्री के तीन दिवसीय दौरे में शिवपुरी जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं, बिजली व्यवस्था, सड़क संपर्क, शिक्षा, प्रशासनिक ढांचे, रेलवे और डाक सेवाओं से जुड़े कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है। खास तौर पर ग्रामीण क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सब-स्टेशन, सड़क और स्कूल भवनों के लोकार्पण एवं भूमि पूजन से स्थानीय स्तर पर सुविधाओं के विस्तार का रास्ता खुलेगा।

वहीं कोलारस रेलवे स्टेशन पर उज्जैनी एक्सप्रेस के नए ठहराव को क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कुल मिलाकर सिंधिया का यह तीन दिवसीय दौरा शिवपुरी जिले के लिए विकास कार्यों की दृष्टि से काफी अहम रहने वाला है।

Post a Comment

0Comments

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!