कोलारस। मोहराई गांव में उस समय ग्रामीणों के होश उड़ गए, जब गांव के एक गहरे कुएं में एक-दो नहीं बल्कि पांच सांप एक साथ तैरते दिखाई दिए। कुएं में सांपों की मौजूदगी की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। किसी को समझ नहीं आ रहा था कि इतने गहरे कुएं से सांपों को सुरक्षित कैसे निकाला जाए।
ग्रामीणों ने तत्काल बदरवास निवासी सर्प मित्र दिनेश चंदेल और प्रमोद केवट को सूचना दी। जानकारी मिलते ही दोनों सर्प मित्र आवश्यक संसाधनों के साथ मोहराई पहुंचे और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। करीब एक घंटे तक चले जोखिम भरे रेस्क्यू ऑपरेशन में सर्प मित्र कुएं में उतरे और एक-एक कर सभी पांचों सांपों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। रेस्क्यू के दौरान जब सांपों की पहचान हुई तो ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई। इनमें दो अत्यधिक विषैले कोबरा और तीन घोड़ापछाड़ प्रजाति के सांप शामिल थे।
सभी सांपों को सुरक्षित निकालने के बाद सर्प मित्रों ने उन्हें जंगल में ले जाकर प्राकृतिक वातावरण में छोड़ दिया। सांपों के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। ग्रामीणों का कहना है कि एक ही कुएं में पांच सांपों का मिलना अपने आप में कौतूहल का विषय है। वहीं सर्प मित्रों ने लोगों से अपील की कि कुएं, घर या खेत में सांप दिखाई देने पर उन्हें मारने के बजाय प्रशिक्षित सर्प मित्रों को सूचना दें, ताकि इंसानों के साथ-साथ वन्यजीवों की भी जान बचाई जा सके।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।