निशांत प्रजापति @ नरवर। शिवपुरी जिले के नरवर कस्बे में शराब कंपनी के मैनेजर की गोली मारकर हत्या करने की खबर मिल रही है। बताया जा रहा है कि मृतक झांसी की रचना राय कंपनी में मैनेजर के रूप में नरवर क्षेत्र में पिछले 2 वर्षों से काम कर रहा था। गोली चलाने वाले आरोपी भी इसी कंपनी के कर्मचारी बताए जा रहे हैं। पुरानी किसी रंजिश को लेकर यह गोलीकांड हुआ है।
हत्यारे ने एक गोली मारी, जो सीधे जाकर मैनेजर पंकज राय को लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सबसे पहले मृतक को घायल अवस्था में नरवर के स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए ग्वालियर रेफर कर दिया। इलाज के दौरान मैनेजर की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार झांसी की रचना राय कंपनी के नरवर क्षेत्र में शराब की दुकानों के ठेके हैं। इसी कंपनी में डबरा के मूल निवासी पंकज राय, उम्र 29 साल, मैनेजर के रूप में नरवर क्षेत्र में इसी कंपनी में काम कर रहे थे। इस कंपनी का क्षेत्रीय कार्यालय नरवर नगर में लोढ़ी माता के मंदिर के पास है। बीते रोज मंगलवार की देर रात लगभग 11:30 बजे पंकज राय अपनी गाड़ी के पास खड़े थे।
पंकज राय के बड़े भाई हर्षित राय ने बताया कि बीते रोज रात में मेरा छोटा भाई पंकज राय ऑफिस के बाहर खड़ी गाड़ी में बैठा था, तभी इसी कंपनी के कर्मचारी बॉबी राय और अंकित ठाकुर आए और पंकज से बातचीत करने लगे। किसी बात पर बहस होने लगी। इतने में ही बॉबी राय ने अंकित ठाकुर को अपनी पिस्टल देते हुए कहा कि गोली मार दे। अंकित ठाकुर ने पंकज को गोली मार दी। गोली बहुत पास से मारी गई थी, इसलिए शरीर में धंस गई। गोली चलने के बाद कंपनी के अन्य लोग भी आ गए और घायल पंकज को नरवर के स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने पंकज की गंभीर स्थिति को देखते हुए ग्वालियर रेफर कर दिया। जहां आज दोपहर इलाज के दौरान पंकज की मौत हो गई।
किसी पुराने विवाद को लेकर हुआ है गोलीकांड
बताया जा रहा है कि पंकज की हत्या रचना राय के कर्मचारियों के आपसी विवाद को लेकर हुई है। पुलिस ने अपनी जांच शुरू कर दी है। मृतक का पीएम ग्वालियर में ही कराया जा रहा है। गोली किस हथियार से मारी गई है, अभी स्पष्ट नहीं है। खबर लिखे जाने तक नरवर पुलिस परिजनों के बयानों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने की कार्रवाई में लगी थी।
.webp)
प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।