शिवपुरी/खनियाधाना। शिवपुरी के आईटीआई कॉलेज के हॉस्टल से 19 वर्षीय छात्रा के लापता होने की खबर मिल रही हैं। छात्रा 10 अगस्त को दो दिन की छुट्टी लेकर हॉस्टल से निकली थी। अगले दिन उसने अपने भाई को दूसरे मोबाइल नंबर से फोन कर बताया कि वह पिछोर में प्रैक्टिकल देने के लिए आ रही है, लेकिन वह न तो पिछोर पहुंची और न ही इसके बाद परिजनों से उसका संपर्क हो सका। काफी तलाश के बाद भी छात्रा का सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने खनियाधाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर छात्रा की तलाश शुरू कर दी है।
दोपहर 2 बजे हॉस्टल से निकली थी
मुहारीकला निवासी जागेश कुमार लोधी ने पुलिस को बताया कि उनकी छोटी बहन नंदनी लोधी शिवपुरी आईटीआई कॉलेज में कंप्यूटर डिप्लोमा की पढ़ाई कर रही है और कॉलेज के हॉस्टल में रह रही थी। 10 अगस्त को दोपहर करीब 2 बजे नंदनी दो दिन की छुट्टी लेकर हॉस्टल से बाहर निकली थी। परिजनों के मुताबिक, अगले दिन यानी 11 अगस्त की सुबह करीब 9 बजे नंदनी ने किसी अन्य मोबाइल नंबर से अपने भाई को फोन किया। उसने बताया कि वह पिछोर में प्रैक्टिकल देने के लिए आ रही है।
भाई पिछोर में करता रहा इंतजार, लेकिन नहीं पहुंची
नंदनी के फोन के बाद उसका भाई दोपहर करीब 1 बजे तक पिछोर में उसका इंतजार करता रहा। लेकिन निर्धारित समय तक नंदनी वहां नहीं पहुंची। जब काफी देर तक उसका पता नहीं चला तो भाई ने उससे संपर्क करने की कोशिश की और बाद में शिवपुरी स्थित आईटीआई कॉलेज के हॉस्टल पहुंचा। हॉस्टल पहुंचने पर जानकारी मिली कि नंदनी एक दिन पहले ही हॉस्टल से निकल चुकी थी। इसके बाद परिजनों की चिंता और बढ़ गई।
शिवपुरी से पिछोर तक तलाश, रिश्तेदारों से भी पूछा
नंदनी के लापता होने की जानकारी मिलते ही परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी तलाश शुरू कर दी। शिवपुरी, पिछोर सहित संभावित स्थानों और रिश्तेदारों के यहां भी जानकारी ली गई, लेकिन कहीं से कोई सुराग नहीं मिला। परिजनों के अनुसार, नंदनी के पास अपना मोबाइल फोन भी नहीं था,इस कारण पुसिस को भी नदंनी तक पहुंचने मे बडी परेशानी होंगी।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।