खनियाधाना। शिवपुरी जिले के पिछोर अनुविभाग के खनियाधाना थाना क्षेत्र में फोन कॉल पर गाली-गलौज, जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल और मूंछें उखाड़ने की धमकी देने का मामला सामने आया है। ग्राम राजापुर निवासी जशरथ आजाद की शिकायत पर पुलिस ने तीन नामजद युवकों समेत अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उसे लगातार फोन कर दबाव बनाने और धमकाने का प्रयास किया गया।
फोन पर शुरू हुआ विवाद, विधायक और समाज का हवाला देने का आरोप
जशरथ आजाद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 15 और 16 अगस्त को अशोक लोधी, रामजीलाल लोधी और अन्य लोगों ने उसे फोन किया। आरोप है कि बातचीत के दौरान उसके साथ गाली-गलौज की गई और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया गया।
शिकायत के मुताबिक, फोन करने वालों ने कथित तौर पर उससे कहा कि वह उनके विधायक के खिलाफ कुछ नहीं बोले और उनके समाज के खिलाफ भी बोलने से परहेज करे। इस पर जशरथ ने कथित तौर पर जवाब दिया कि वह किसी समाज के खिलाफ नहीं बोलता, बल्कि सभी समाजों की समस्याओं को लेकर आवाज उठाता है।
तेरी मूंछें पटा देंगे कहने का आरोप
शिकायतकर्ता के अनुसार बातचीत के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि उसे जातिसूचक गालियां देते हुए मूंछें उखाड़ने की धमकी दी गई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने उसे डराने-धमकाने के लिए लगातार फोन कॉल किए और विवाद को आगे बढ़ाने की चेतावनी दी। जशरथ का आरोप है कि 17 अगस्त को भी रामजीलाल लोधी ने उसे फोन कर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसने मामले की शिकायत खनियाधाना थाने में की।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच शुरू
शिकायत के आधार पर खनियाधाना थाना पुलिस ने ग्राम खुरई निवासी अशोक लोधी पुत्र नत्थू लोधी, रामजीलाल लोधी पुत्र सिमरत उर्फ समरत लोधी और आशू लोधी पुत्र नरेश लोधी समेत अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।