शिवपुरी। भोपाल से शनिवार सुबह शिवपुरी पहुंची सिद्धी कुछ देर बाद स्कूटी लेकर घूमने निकली थी। करीब आधे घंटे बाद थीम रोड पर सावरकर पार्क के पास उसकी स्कूटी अचानक अनियंत्रित हुई और डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सिद्धी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। जिला अस्पताल से ग्वालियर रेफर की गई सिद्धी ने आखिरकार उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
सुबह 6 बजे शिवपुरी पहुंची, 6:30 बजे हादसा
सिद्धी जैन (18) पुत्री निश्छल उर्फ बबलू जैन निवासी भोपाल रक्षाबंधन के अवसर पर अपने मामा के घर शिवपुरी आई थी। परिजनों के मुताबिक वह शनिवार सुबह करीब 6 बजे शिवपुरी पहुंची थी। घर पहुंचने के कुछ ही देर बाद वह स्कूटी लेकर घूमने निकल गई। करीब 6:30 बजे सावरकर पार्क के पास गैलेक्सी होटल के सामने थीम रोड पर उसकी स्कूटी अचानक अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से जा टकराई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक स्कूटी की डिवाइडर से टक्कर इतनी जोरदार थी कि सिद्धी उछलकर करीब 10 से 15 फीट दूर जा गिरी। सड़क पर गिरने के कारण उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं।
सड़क पर घायल पड़ी थी युवती, राहगीरों ने पहुंचाया था अस्पताल
हादसे के बाद कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। राहगीरों ने घायल युवती को सड़क से उठाया और तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। हादसे की गंभीरता को देखते हुए चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। युवती के सिर में गंभीर चोट होने के कारण उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई थी। उसे उपचार के दौरान वेंटिलेटर पर रखा गया और बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर कर दिया गया।
शुरुआत में नहीं हो सकी पहचान, सोशल मीडिया बना परिजनों तक पहुंचने का जरिया
हादसे के बाद सबसे बड़ी परेशानी यह थी कि घायल युवती की तत्काल पहचान नहीं हो सकी। वह शिवपुरी में अपने मामा के घर आई थी और हादसे के समय उसके साथ कोई परिजन मौजूद नहीं था। घटना की तस्वीरें और जानकारी सोशल मीडिया पर प्रसारित होने लगीं। सोशल मीडिया पर हादसे की जानकारी देखकर परिजनों को घटना का पता चला। इसके बाद वे तत्काल अस्पताल पहुंचे और घायल युवती की पहचान सिद्धी जैन के रूप में हुई।
शिवपुरी से ग्वालियर तक चली जिंदगी बचाने की कोशिश
जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने सिद्धी को बचाने के लिए तत्काल उपचार शुरू किया। सिर में गंभीर चोट होने के कारण उसकी हालत बेहद नाजुक थी। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे उच्च स्तरीय उपचार के लिए ग्वालियर रेफर किया। परिजन उसे लेकर ग्वालियर पहुंचे, जहां एक निजी अस्पताल में उसका उपचार शुरू हुआ। डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद सिद्धी की हालत में सुधार नहीं हो सका और देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सिद्धी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में रक्षाबंधन की खुशियां मातम में बदल गईं।
जिस परिवार के लिए रक्षाबंधन का दिन भाई-बहन के स्नेह और मिलन का अवसर था, उसी दिन एक सड़क हादसे ने सब कुछ बदल दिया। सुबह भोपाल से शिवपुरी पहुंची सिद्धी कुछ देर बाद स्कूटी से निकली थी। परिवार को उम्मीद थी कि वह थोड़ी देर में वापस लौट आएगी, लेकिन कुछ ही मिनटों बाद हादसे की खबर ने सभी को झकझोर दिया।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।