शिवपुरी। शहर के फतेहपुर क्षेत्र में चल रहे सन सिटी मेले में उस समय विवाद खड़ा हो गया, जब जलपरी शो प्रस्तुत करने आईं उज्जैन की दो युवतियों ने मेला ठेकेदार पर भुगतान रोकने और छेड़छाड़ करने जैसे गंभीर आरोप लगाए। दोनों युवतियों ने कोतवाली थाना पहुंचकर लिखित शिकायत सौंपते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। वहीं, मेला ठेकेदार ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इन्हें दबाव बनाने की कोशिश बताया है।
युवतियों ने शिकायत में बताया कि उन्हें उज्जैन से विशेष रूप से सन सिटी मेले में जलपरी शो प्रस्तुत करने के लिए बुलाया गया था। ठेकेदार के साथ प्रतिदिन 7 हजार रुपये मानदेय और सुरक्षा के लिए तैनात बाउंसर के 600 रुपये प्रतिदिन अतिरिक्त देने की सहमति हुई थी। उनका पांच सदस्यीय दल करीब 24 दिनों तक लगातार शिवपुरी में रहकर शो करता रहा।
युवतियों का आरोप है कि शुरुआत में ठेकेदार ने केवल 10 दिनों का भुगतान किया। इसके बाद जब उन्होंने शेष 1 लाख 12 हजार 300 रुपये की मांग की तो ठेकेदार ने मेले में कम आमदनी होने का हवाला देकर भुगतान देने से इनकार कर दिया। उनका कहना है कि जब उन्होंने लगातार अपने मेहनताने की मांग की तो ठेकेदार ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और छेड़छाड़ की। कई बार पैसा मांगने के बावजूद न तो पूरा भुगतान मिला और न ही कोई संतोषजनक जवाब, जिसके बाद उन्होंने पुलिस की शरण ली।
वहीं, मेला ठेकेदार अभिनंदन जैन ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है। उसका कहना है कि कलाकारों का लगभग 40 हजार रुपये भुगतान शेष है, जिसे वह देने के लिए तैयार है। ठेकेदार का दावा है कि युवतियां वास्तविक बकाया से कहीं अधिक राशि मांग रही हैं और अतिरिक्त पैसे वसूलने के दबाव के लिए छेड़छाड़ के झूठे आरोप लगा रही हैं,ठेकेदार अभिनदंन जैन ने दावा किया है कि लेन देन की बातचीत की रिकॉर्डिग उसके पास है जलपरिया उसे ब्लैकमेल कर रही हैं।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।