शिवपुरी। शिवपुरी शहर मे बीते रात बारिश एक युवक का काल बनकर आई थी,किसान और आमजन के लिए यह बारिश अमृत की बूंदे थी,लेकिन इस बारिश के कारण हुए हादसे मे एक घर का इकलौता चिराग छिन कर ले गई अब इस परिवार की आंखों से आंसू की बूंदे कम नहीं हो रही है। किसी को क्या पता था कि जो युवक अपने स्वास्थ्य के प्रति चिंतित था और जिम गया लौटते समय भारी बारिश के समय सड़क किनारे खडी आयशर मे जा टकरा जाएगा और उसकी मौत हो जाऐगी।
मामला शिवपुरी शहर के देहात थाना सीमा में आने वाले गुना बाईपास पर मंगलवार की देर रात गौशाला क्षेत्र का रहने वाला मनोज रजक उम्र 25 वर्ष साल, जो एक स्थानीय बैटरी एजेंसी में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर काम करता था, मंगलवार रात करीब 10 बजे रोज की तरह जिम से अपनी बाइक पर सवार होकर घर लौट रहा था। मौसम का मिजाज बदला हुआ था और तेज बारिश हो रही थी। पानी की बौछारों के कारण सड़क पर दृश्यता (विजिबिलिटी) बेहद कम थी।
इसी दौरान गुना बायपास स्थित गौशाला मोड़ के पास सड़क किनारे एक आयशर मिनी ट्रक (MP07 CA 5131) खड़ा था। अंधेरे और कम दृश्यता की वजह से मनोज को सड़क पर खड़ा यह ट्रक नजर नहीं आया और उसकी तेज रफ्तार बाइक सीधे ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मनोज गंभीर रूप से लहूलुहान हो गया।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गईं सांसें
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए गंभीर रूप से घायल मनोज को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था; अस्पताल लाते ही डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
बुझ गया घर का इकलौता चिराग
मृतक मनोज अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और उस पर एक छोटी बहन की भी जिम्मेदारी थी। इस हादसे ने बूढ़े माता-पिता के सहारे को हमेशा के लिए छीन लिया है। बुधवार को देहात थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस की कार्रवाई शुरू
इस दर्दनाक हादसे के बाद देहात थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए लापरवाही से वाहन खड़ा करने वाले आयशर मिनी ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक जांच शुरू कर दी है। यह हादसा एक बार फिर हमें सचेत करता है कि बारिश के मौसम में सड़क पर वाहनों की रफ्तार धीमी रखें और लापरवाही से वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ सख्त होना कितना जरूरी है।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।