नरेन्द्र जैन । खनियाधाना थाना क्षेत्र के हुकुमपुर गांव में चोरों ने रविवार-सोमवार की दरमियानी रात दो भाईयो घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी कर ली। चोरी का सबसे चौंकाने वाला तरीका यह रहा कि चोर महेन्द्र सिंह यादव के घर के एक कमरे का ताला तोड़कर भारी बक्से को बाहर ले गए और फिर घर के बाहर ही उसे तोड़कर उसके अंदर रखा छोटा बक्सा निकाल लिया।
इस छोटे बक्से में परिवार के सोने-चांदी के जेवर और नकदी रखी थी। परिवार के मुताबिक चोरी हुए जेवरों में उनकी बेटी के वे गहने भी शामिल हैं, जो वह ससुराल से मायके आई थी और सुरक्षा के लिए घर में रखे गए थे।
महेन्द्र सिंह यादव के मुताबिक उनके और उनके चचेरे भाई शिवप्रताप सिंह यादव के घर पास-पास हैं। दोनों घरों में हुई चोरी में परिवार के अनुसार करीब 35 तोले सोने के जेवर, एक किलो से अधिक चांदी और करीब 50 हजार रुपए नकद चोरी हुए हैं। परिजनों ने चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब आधा करोड़ रुपए बताई है। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
सुबह घर के बाहर मिला टूटा हुआ बक्सा
महेन्द्र सिंह यादव ने बताया कि रविवार रात करीब एक बजे तक वह जाग रहे थे। इसके बाद वह सोने चले गए। सुबह उठकर जब वह घर के बाहर पेशाब करने के लिए निकले तो उन्हें वहां एक टूटा हुआ बक्सा दिखाई दिया। पहले उन्हें लगा कि यह बक्सा शायद उनके ही घर का है। उन्होंने परिवार के लोगों को बुलाकर जब बक्से को देखा तो घर में चोरी होने का पता चला। इसके बाद जब घर के अंदर देखा गया तो कमरे का सामान अस्त-व्यस्त मिला।
तीन कमरों वाले घर में तीसरे कमरे पर चोरों की नजर
महेन्द्र सिंह के अनुसार उनके घर में एक लाइन में तीन कमरे हैं। एक कमरे में खाना बनाया जाता है, जबकि दूसरे कमरे में परिवार के सदस्य सो रहे थे। तीसरे कमरे में ताला लगा हुआ था। इसी कमरे में एक बड़ा बक्सा रखा था और उसके अंदर एक छोटा बक्सा रखा हुआ था। आरोप है कि चोरों ने पहले कमरे के गेट का ताला तोड़ा। इसके बाद बड़े बक्से के कुंदे उखाड़ दिए और उसके अंदर रखा छोटा बक्सा बाहर ले गए। चोरों ने घर के बाहर ही छोटे बक्से को तोड़ा और उसमें रखे सोने-चांदी के जेवर व नकदी लेकर फरार हो गए।
बेटी ससुराल से मायके आई थी, उसके जेवर भी चोरी
चोरी से परिवार को सबसे बड़ा झटका इसलिए लगा क्योंकि महेन्द्र सिंह की बेटी वर्षा अपनी ससुराल से मायके आई हुई थी। उसके सोने-चांदी के जेवर भी घर में रखे थे। परिवार के मुताबिक चोर उन जेवरों को भी अपने साथ ले गए। महेन्द्र सिंह का कहना है कि परिवार ने कभी नहीं सोचा था कि घर में रखे बेटी के जेवर भी चोरी हो जाएंगे। चोरी की घटना सामने आने के बाद परिवार में चिंता और आक्रोश का माहौल है।
चचेरे भाई के घर की अलमारी भी तोड़ी
चोरों ने महेन्द्र सिंह के घर के साथ उनके चचेरे भाई शिवप्रताप सिंह यादव के घर को भी निशाना बनाया। वहां चोरों ने लोहे की अलमारी तोड़कर उसमें रखे गहने चोरी कर लिए। परिवार के अनुसार शिवप्रताप सिंह की मां की तबीयत खराब है, जिसके चलते वह उन्हें लेकर झांसी गए हुए थे। शिवप्रताप की पत्नी खनियाधाना में रहती हैं, जहां उनके बच्चे पढ़ते हैं। घटना के समय घर में शिवप्रताप का छोटा भाई कौशलेन्द्र सिंह यादव और उसकी पत्नी मौजूद थे और सो रहे थे। इस दौरान चोरों ने घर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया और परिवार को इसकी भनक तक नहीं लगी।
35 तोले सोना, एक किलो से ज्यादा चांदी और नकदी चोरी
महेन्द्र सिंह यादव के मुताबिक दोनों परिवारों के करीब 35 तोले सोने के जेवर चोरी हुए हैं। इसके अलावा **एक किलो से अधिक चांदी और करीब 50 हजार रुपए नकद भी चोर ले गए। परिवार ने चोरी हुए सामान की कीमत करीब आधा करोड़ रुपए बताई है। हालांकि चोरी गए सामान की वास्तविक कीमत और मात्रा का आकलन पुलिस जांच तथा दस्तावेजों के आधार पर किया जाएगा।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
चोरी का पता चलने के बाद परिवार ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अब घरों में प्रवेश के रास्ते, टूटे ताले-बक्से और चोरी के तरीके के आधार पर जांच कर रही है। एक ही रात में आसपास के दो घरों को निशाना बनाए जाने से गांव में भी दहशत का माहौल है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात को अंजाम देने वाले कितने लोग थे और क्या चोरों ने पहले से दोनों घरों की रेकी की थी।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।