शिवपुरी मे शराब का विरोध कर रही महिलाओ को X सीएम ने दिया X पर समर्थन, 25 पर FIR

Lalit Mudgal
0
shivpuri-samachar

शिवपुरी।
शिवपुरी जिले मे पिछले कुछ दिनो से ​महिलाओ दवारा शराब बिक्री के खिलाफ आंदोलन चल रहा हैं,इसी क्रम में  अमोला, भौंती और अमोलपठा के बाद शुक्रवार को रन्नौद थाना क्षेत्र में भी शराब दुकान को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा सामने आया। कहीं शराब की पेटियां नाले में फेंकी गईं तो कहीं महिलाओं ने दुकान के खिलाफ मोर्चा संभाल लिया। पिछले चार दिनों से जारी इस विरोध के बीच अब पुलिस ने भी सख्त रुख अपनाया है।

इसी बीच आंदोलन को उस समय नया राजनीतिक मोड़ मिला, जब मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने एक्स पर पोस्ट कर शिवपुरी की शराब विरोधी महिलाओं के आंदोलन का समर्थन किया। उन्होंने लिखा कि शराब के खिलाफ प्रदर्शन कर रहीं शिवपुरी जिले की महिलाओं का सभी लोग पूर्ण समर्थन करें। पोस्ट में उन्होंने भाजपा के केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व को भी टैग किया है। उमा भारती के इस बयान के बाद शराबबंदी और शराब दुकानों के विरोध का मुद्दा एक बार फिर राजनीतिक चर्चा के केंद्र में आ गया है।

चार दिन में बढ़ा आंदोलन, तीन थानों में पांच एफआईआर
शराब विरोधी प्रदर्शनों का असर अब कानून-व्यवस्था तक पहुंच गया है। पुलिस के अनुसार दो दिनों के भीतर जिले के तीन थानों में पांच एफआईआर दर्ज की गई हैं। इनमें तीन सरपंच पतियों और एक जनपद सदस्य समेत 25 से अधिक लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है। पुलिस अब तक 15 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। हालांकि ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ मामलों में पुलिस ने निर्दोष लोगों के खिलाफ भी प्रकरण दर्ज किए हैं। उनका कहना है कि शराब दुकानों के संचालन की वैधता और अवैध शराब बिक्री की शिकायतों की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

भौंती थाने पहुंचीं महिलाएं, बोलीं- सामूहिक गिरफ्तारी ले लो
मनपुरा में शराब दुकान से जुड़ी घटना के बाद भौंती पुलिस ने आठ नामजद समेत 15 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। इसके विरोध में शुक्रवार को बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष भौंती थाने पहुंच गए। ग्रामीणों ने सामूहिक गिरफ्तारी देने की बात कही और पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए। ग्रामीणों का आरोप था कि जिस शराब दुकान को लेकर विवाद हुआ, उसके संचालन की वैधता की भी जांच होनी चाहिए। करीब डेढ़ घंटे तक चले हंगामे के बाद टीआई द्वारा निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिए जाने पर ग्रामीण शांत हुए।

टीआई ने गांव-गांव पहुंचकर महिलाओं से कहा- कानून हाथ में न लें
बढ़ते आक्रोश को देखते हुए पिछोर टीआई नीतू सिंह ने नाद, रही चौराहा, लभेड़ा तिराहा और आदिवासी बस्तियों में पहुंचकर महिलाओं से संवाद किया। उन्होंने महिलाओं से कहा कि वे कानून अपने हाथ में न लें। यदि कहीं अवैध शराब बिक रही है तो पुलिस को सीधे सूचना दें, कार्रवाई की जाएगी। टीआई ने महिलाओं को अपना संपर्क नंबर देते हुए पर्चियां भी बांटीं। पुलिस की यह पहल आंदोलन को टकराव से निकालकर शिकायत और कार्रवाई की प्रक्रिया की ओर ले जाने की कोशिश के रूप में देखी जा रही है।

रन्नौद के पचावली में शराब की पेटियां नाले में फेंकीं
रन्नौद थाना क्षेत्र के पचावली गांव में शुक्रवार को शराब दुकान को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। भीड़ ने शराब की पेटियां दुकान से बाहर निकालीं और उन्हें पास के नाले में फेंक दिया। घटना में करीब एक लाख रुपए के नुकसान का आकलन किया गया है। पुलिस ने मामले में 17 महिलाओं सहित 22 लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं गणेशखेड़ा गांव में राजपूत ढाबे पर अवैध शराब बिक्री की सूचना के बाद महिलाओं ने चक्काजाम कर दिया। हालांकि पुलिस की जांच में ढाबे पर शराब नहीं मिली।

अमोलपठा में पथराव और 844 पेटी शराब फोड़ने का मामला
10 सितंबर को अमोलपठा में शराब विरोधी प्रदर्शन के दौरान स्थिति और ज्यादा बिगड़ गई थी। ज्ञापन देने पहुंची भीड़ की पुलिस और आबकारी टीम से झड़प हुई तथा पथराव में दो सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त हुए। पुलिस के अनुसार भीड़ ने शराब दुकान से 844 पेटी देशी-विदेशी शराब निकालकर फोड़ दी और आग लगा दी। इस मामले में उकायला के सरपंच पति छोटेराजा गुर्जर, उड़वाहा के सरपंच पति कमलसिंह गुर्जर, पगारा के सरपंच पति दीवानसिंह बघेल और करैरा जनपद सदस्य दुष्यंत सिंह परमार सहित 25 लोगों को नामजद किया गया है। 

शिवपुरी में शराब के खिलाफ महिलाओं का यह आंदोलन अब केवल स्थानीय विरोध तक सीमित नहीं दिख रहा है। एक तरफ महिलाएं और ग्रामीण शराब दुकानों के खिलाफ सड़क पर हैं, दूसरी तरफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है और अब पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती के समर्थन ने इस मुद्दे को राजनीतिक बहस के केंद्र में ला दिया है।

Post a Comment

0Comments

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!