मगरौनी/नरवर। शिवपुरी जिले के नरवर थाना सीमा की मगरौनी मे बीते दिनो एक सुसाइड का मामला सामने आया था। अब इस सुसाइड केस की जांच मे एक डेथ वीडियो भी वायरल हुआ है,इस वीडियो मे फिर सिस्टम की लापरवाही सामने आ रही है,पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल करते हुए मृतक ने मरने से पूर्व कहा कि मेरी मौत का कारण साहूकार और छोटा दरोगा है,पुलिस की कार्यप्रणाली से परेशान होकर दो दिन मे जहर गटकने का यह दूसरा मामला है,इससे पूर्व नरवर थाना पुलिस से परेशान होकर एक महिला ने जहर खाने का दावा किया था और उसे जिला चिकित्सालय मे उपचार के लिए भर्ती कराया गया था।
जानकारी के मुताबिक मगरौनी निवासी लख्मीचंद झा उम्र 51 साल पुत्र दुर्गाप्रसाद झा ने 10 नवंबर को जहर खाकर जान दे दी थी। मौत के बाद परिजनों के हाथ मोबाइल लगा तो उसमें दो वीडियो निकले। इन वीडियो में मृतक लख्मीचंद झा ने रोते हुए अपनी मौत के लिए मगरौनी के साहूकार मुकेश जैन और पुलिस चौकी के एएसआई दिनेश यादव को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। वीडियो में मृतक लख्मीचंद ने कहा कि छोटे दरोगा दिनेश यादव ने मुकेश जैन से पैसे लेकर मेरी ओर से कार्रवाई नहीं की। इन दोनों ने मिलकर मुझे मरवाया है।
इस मामले में मृतक के पुत्र राहुल झा की रिपोर्ट पर मगरौनी चौकी पुलिस ने 11 नवंबर को मुकेश जैन के खिलाफ बीएनएस की धारा 108 के तहत एफआईआर दर्ज की। बेटे का आरोप है कि 5 और 10 नवंबर को भी मुकेश जैन ने पिता को डराया-धमकाया। इससे मानसिक रूप से परेशान होकर उन्होंने जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर उन्हें इलाज के लिए ग्वालियर ले गए, जहां उनकी मौत हो गई। परिजन मामले में न्याय की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि हमें समय रहते कार्रवाई होती तो एक जान बच सकती थी।
10 साल पहले गिरवी रखी ज्वेलरी, अब कीमत 9 लाख से अधिक
बेटे ने बताया उनकी मगरौनी कस्बे में वर्कशॉप की दुकान है। यहां वे ट्रैक्टर-ट्रॉली, कल्टीवेटर, रिपेयरिंग आदि का काम करते थे। साल 2016 में पिता ने सोने का हार, जंजीर, चार चूड़ियां (7 से 8 तौला) और चांदी का ब्रेसलेट व करधनी (आधा किग्रा) 90 हजार रु. में मुकेश जैन के यहां गिरवी रखी थी। दो-तीन साल से पिता रकम वापस मांग रहे थे। लेकिन मुकेश लौटाने की बजाय धमका रहा था। बता दें कि मौजूदा समय में उक्त ज्वेलरी की कीमत 9 लाख से अधिक है।
मेरे ऊपर आरोप झूठे हैं
6 तारीख को आवेदन आया था, अगले दिन दिवाली थी। पड़वा वाले दिन पीड़ित को बुलाया था। दूसरे पक्ष को भी बुलवाकर पूछताछ की थी। पीड़ित ने लिखा पढ़ी संबंधी कागज लेकर आने की बात कही थी। मेरे ऊपर लगाए आरोप झूठे हैं।
दिनेश यादव, एएसआई, पुलिस चौकी मगरौनी
वरिष्ठों को सूचित किया है
लेनदेन का 10 साल से मामला चला आ रहा है। 5 नवंबर को पहली बार शिकायत की है। हम जांच कर रहे थे। मौत की घटना के बाद वरिष्ठ अधिकारियों को मामले से अवगत करा दिया है।
वीरेंद्र सिंह परिहार, चौकी प्रभारी, पुलिस चौकी मगरौनी

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।