शिवपुरी। शिवपुरी शहर में साइकिल पर घर-घर जाकर अखबार बांटने वाले एक दिव्यांग व्यक्ति की मेहनत और अदम्य इच्छाशक्ति ने मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (MPCA) के अध्यक्ष महानआर्यमन सिंधिया का दिल जीत लिया है। उनके संघर्ष का एक वीडियो देखकर भावुक हुए महानआर्यमन सिंधिया ने मदद का हाथ बढ़ाते हुए उन्हें एक नई इलेक्ट्रिक स्कूटी भेंट की है।
35 साल का संघर्ष और अदम्य जज्बा
सहिसपुरा ढीमर मोहल्ला, वार्ड नंबर 30 के रहने वाले राधे बाथम पिछले 35 वर्षों से अखबार वितरण का कार्य कर रहे हैं। राधे ने बताया कि कुछ साल पहले एक सड़क दुर्घटना का शिकार होने के कारण वे दिव्यांग हो गए थे। इसके बावजूद परिवार की बड़ी जिम्मेदारी होने के कारण उन्होंने कभी हार नहीं मानी। शारीरिक परेशानियों के बावजूद वे आज भी प्रतिदिन अलसुबह 4 बजे उठते हैं और साइकिल से अखबार बांटकर अपने परिवार का भरण-पोषण करने के लिए कड़ा संघर्ष कर रहे हैं।
एक वीडियो ने बदल दी जिंदगी
राधे बाथम की दैनिक दिनचर्या और उनके कड़े संघर्ष का एक वीडियो हाल ही में सामने आया था। जब यह वीडियो महानआर्यमन सिंधिया तक पहुंचा, तो वे राधे की इस मेहनत और अदम्य इच्छाशक्ति को देखकर काफी प्रभावित और भावुक हो गए। उनका दिल पसीज गया और उन्होंने तुरंत राधे की मदद करने का फैसला किया। महानआर्यमन ने राधे बाथम को बुलाकर उन्हें एक नई इलेक्ट्रिक स्कूटी उपहार स्वरूप प्रदान की।
शारीरिक मेहनत से मिली राहत
इलेक्ट्रिक स्कूटी मिलने के बाद राधे बाथम की जिंदगी में एक बड़ा और सकारात्मक बदलाव आया है। अब उनके लिए शहर में अखबार बांटना काफी आसान हो जाएगा और उनके रोजाना के शारीरिक संघर्ष में भी उन्हें बड़ी राहत मिलेगी। समाज में महानआर्यमन सिंधिया के इस संवेदनशील कदम और दरियादिली की जमकर सराहना की जा रही है।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।