शिवपुरी। आरोपियों को पकड़ने के बाद पुलिस उन्हें न्यायालय ले जा रही थी, लेकिन भीड़ चाहती थी कि पहले उनका जुलूस निकाला जाए। सोमवार को शिवपुरी के फिजिकल थाने के बाहर इसी जिद ने ऐसा तूल पकड़ा कि कानून का पालन कराने वाली पुलिस को ही भीड़ के गुस्से का सामना करना पड़ा। सुबह से जमा 500 से ज्यादा लोगों ने जब आरोपियों का जुलूस निकाले बिना पुलिस को उन्हें ले जाते देखा तो बैरिकेडिंग तोड़कर वाहनों के पीछे दौड़ पड़े।
एक पुलिस वाहन का शीशा तोड़ दिया गया। हालात बेकाबू होते देख पुलिस ने लाठियां भांजकर भीड़ को खदेड़ा। दीपावली पर पटाखे चलाने को लेकर शुरू हुआ विवाद अब पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव में बदल गया। घटना के बाद पार्षद, बजरंग दल कार्यकर्ता और पीड़ित परिवार थाने के बाहर धरने पर बैठ गए।
जुलूस की मांग पर अड़ी भीड़, सुबह 10 बजे से थाने पर जमावड़ा
शिवपुरी के करौंदी इलाके में दीपावली की रात आतिशबाजी को लेकर हुआ विवाद सोमवार को एक बार फिर गरमा गया। घर में घुसकर मारपीट करने के मामले में गिरफ्तार आरोपियों का जुलूस निकालने की मांग को लेकर सुबह करीब 10 बजे से फिजिकल थाने के बाहर लोगों का पहुंचना शुरू हो गया। देखते ही देखते पीड़ित परिवार, पार्षद एमडी गुर्जर, बजरंग दल के कार्यकर्ता और वार्ड के लोग बड़ी संख्या में जमा हो गए। कुछ ही देर में भीड़ 500 से अधिक हो गई। प्रदर्शन में महिलाएं भी शामिल थीं।
लोगों की एक ही मांग थी कि जिन आरोपियों ने घर में घुसकर मारपीट की है, उन्हें इलाके में जुलूस निकालकर ले जाया जाए। प्रदर्शनकारी लगातार नारेबाजी कर पुलिस पर दबाव बनाते रहे। दूसरी तरफ पुलिस अधिकारियों के सामने कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आरोपियों को सुरक्षित न्यायालय तक पहुंचाने की चुनौती थी। जुलूस के दौरान किसी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए पुलिस ने इस मांग पर सहमति नहीं दी। थाने के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल और बज्र वाहन भी तैनात कर दिया गया।
डेढ़ बजे आरोपियों को बाहर निकाला तो टूट गई बैरिकेडिंग
दोपहर करीब डेढ़ बजे पुलिस ने आरोपियों को थाने से बाहर निकाला और बिना जुलूस निकाले पुलिस वाहन में बैठाकर न्यायालय के लिए रवाना कर दिया। बस इसी बात से प्रदर्शनकारी भड़क गए। भीड़ ने पुलिस की ओर से लगाई गई बैरिकेडिंग तोड़ दी और आरोपियों को ले जा रहे वाहन के पीछे दौड़ने लगी।
इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने एक अन्य पुलिस वाहन को भी निशाना बनाया और उसका शीशा तोड़ दिया। अचानक बिगड़े हालात से पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। भीड़ लगातार उग्र होती जा रही थी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और प्रदर्शनकारियों को खदेड़ दिया। इसके बाद थाने के बाहर कुछ देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
पार्षद बोले- पुलिस ने किया वादा, फिर मुकर गई
घटना के बाद पार्षद एमडी गुर्जर, बजरंग दल के कार्यकर्ता और पीड़ित परिवार थाने के बाहर ही धरने पर बैठ गए। पार्षद एमडी गुर्जर का आरोप था कि पुलिस ने पहले आरोपियों का जुलूस निकालने की बात कही थी, लेकिन जब उन्हें न्यायालय ले जाने का समय आया तो पुलिस अपने वादे से मुकर गई। उनका कहना था कि आरोपियों का जुलूस नहीं निकाला गया तो इससे उनके हौसले बढ़ेंगे।
प्रदर्शनकारियों की नाराजगी इस बात को लेकर भी थी कि जिस घटना में महिलाओं के साथ मारपीट हुई, उसमें वे आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई चाहते थे। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन धरने पर बैठे लोग अपनी मांग पर अड़े रहे।
सीएसपी बोले- न्यायालय की प्रक्रिया से अलग थीं कुछ मांगें
सीएसपी सचिन कुमार धुर्वे ने बताया कि पीड़ित पक्ष की शिकायत पर उचित धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। प्रदर्शनकारियों की कुछ मांगें न्यायालय की प्रक्रिया के अनुरूप नहीं थीं। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया के तहत आरोपियों को न्यायालय भेजा। पुलिस का कहना था कि कानून के दायरे में रहकर ही कार्रवाई की जा सकती है।
पटाखे चलाने को लेकर शुरू हुआ था विवाद
करौंदी इलाके में विवाद की शुरुआत दीपावली की रात आतिशबाजी चलाने को लेकर हुई थी। 19 वर्षीय आदित्य बाथम के मुताबिक, वह अपने घर के बाहर पटाखे चला रहा था। इसी दौरान बाबा खान ने उसे आतिशबाजी चलाने से मना किया और गाली-गलौज करने लगा।
आदित्य का आरोप है कि इसके बाद बाबा खान के बेटे फैजल और जुबेर खान कुछ अन्य लोगों के साथ उसके घर पहुंच गए। यहां उन्होंने उसके साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने आई उसकी मां शकुन और बहन संध्या के साथ भी मारपीट की गई। घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया था।
पहले बाबा खान के घर का घेराव, फिर थाने पर धरना
मारपीट की घटना के बाद गुस्साए लोगों ने बाबा खान के घर का घेराव कर दिया था। इसके बाद पार्षद एमडी गुर्जर और वार्डवासियों ने फिजिकल थाने के बाहर करीब डेढ़ घंटे तक धरना दिया था। पुलिस ने शिकायत के आधार पर बाबा खान, फैजल, जुबेर और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। इसी मामले में आरोपियों को गिरफ्तार कर थाने लाया गया था। सोमवार को जुलूस निकालने की मांग को लेकर हुआ प्रदर्शन देखते ही देखते पुलिस से टकराव में बदल गया,लेकिन अंत:पुलिस को भीड की आगे जिद पर झुकना पडा ओर गिरफ्तार सभी आरोपियो का जुलुस निकाला गया।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।