शिवपुरी। शिवपुरी में कुछ सरकारी शिक्षकों ने नियम-कायदों को ताक पर रखकर पढ़ाने का ऐसा खेल शुरू किया कि अपनी पहचान तक छिपानी पड़ी। पोहरी के एक सरकारी शिक्षक ने तो कोचिंग में अपना नाम ही बदलकर राहुल रख लिया। बच्चे भी उन्हें राहुल के नाम से जानते थे और कोचिंग संचालक भी इसी नाम से हर महीने 5 हजार रुपए का भुगतान कर रहा था।
लेकिन सरकारी शिक्षक की यह राहुलगिरी ज्यादा दिन नहीं चली। कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर हुई जांच में असली चेहरा सामने आ गया। अब एक शिक्षक निलंबित हो चुका है, जबकि तीन अन्य शिक्षकों पर कार्रवाई की तलवार लटक रही है।
सरकारी नौकरी के साथ निजी कोचिंग का खेल
शिवपुरी। सरकारी स्कूलों में बच्चों को पढ़ाने की जिम्मेदारी संभालने वाले कुछ शिक्षक निजी कोचिंग सेंटरों में भी अपनी सेवाएं दे रहे थे। नियमों को दरकिनार कर चल रहे इस खेल पर आखिरकार कलेक्टर अर्पित वर्मा की नजर पड़ गई। जांच में शिक्षा विभाग और आदिवासी विकास विभाग के चार शिक्षक निजी कोचिंग में पढ़ाते मिले। इनमें से एक शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है, जबकि तीन अन्य के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
जनसुनवाई में पहुंची शिकायत, फिर शुरू हुई जांच
दरअसल, अगस्त महीने में कलेक्टर की जनसुनवाई में शिकायत मिली थी कि सरकारी शिक्षक अपनी नियमित शासकीय जिम्मेदारियों के साथ निजी कोचिंग सेंटरों में भी पढ़ा रहे हैं। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने जांच के निर्देश दिए। जिला शिक्षा अधिकारी आकाश सिंह यादव ने तीन अधिकारियों की टीम गठित की।
इस टीम में योजना अधिकारी रोहिणी अवस्थी, प्राचार्य एनके जैन और प्राचार्य अर्चना शर्मा को शामिल किया गया। टीम ने शहर के अलग-अलग कोचिंग सेंटरों पर अचानक पहुंचकर जांच की और शिक्षकों की पहचान व उनकी गतिविधियों की पड़ताल कर रिपोर्ट सौंपी।
कोचिंग में राहुल बनकर पढ़ा रहे थे सरकारी शिक्षक
इस पूरे मामले में सबसे दिलचस्प खुलासा पोहरी ब्लॉक के पाटनपुर प्राथमिक स्कूल में पदस्थ शिक्षक गोविंद धाकड़ को लेकर हुआ। जांच टीम 11 अगस्त को महल रोड स्थित केसीआई कोचिंग सेंटर पहुंची तो वहां गोविंद धाकड़ बच्चों को पढ़ाते मिले। टीम ने जब उनका नाम पूछा तो उन्होंने अपनी असली पहचान बताने के बजाय नाम 'राहुल' बताया। इतना ही नहीं, कोचिंग में पढ़ने वाले बच्चे भी उन्हें राहुल के नाम से ही पहचानते थे।
कोचिंग संचालक ने भी जांच टीम के सामने स्वीकार किया कि वह राहुल नाम के शिक्षक को हर महीने 5 हजार रुपए भुगतान करता है। टीम ने 18 अगस्त को दोबारा कोचिंग सेंटर पर पहुंचकर जांच की तो शिक्षक फिर पढ़ाते मिले। इसके बाद उनकी तस्वीरें पोहरी के बीईओ को भेजी गईं। पहचान की पुष्टि होते ही सामने आया कि कोचिंग का राहुल कोई और नहीं, बल्कि सरकारी शिक्षक गोविंद धाकड़ हैं। इसके बाद उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
तीन और शिक्षकों पर कार्रवाई की तैयारी
जांच में तीन अन्य शिक्षक भी निजी कोचिंग में पढ़ाते पाए गए। इनमें उच्च माध्यमिक शिक्षक देवेंद्र धाकड़ (सिरसौद) और गोविंद धाकड़ (उत्कृष्ट विद्यालय शिवपुरी) के खिलाफ कार्रवाई का प्रस्ताव आयुक्त को भेजा गया है।
वहीं आदिवासी विकास विभाग के कन्या आश्रम में पदस्थ शिक्षक कृष्णकांत राठौर के खिलाफ कार्रवाई के लिए फाइल डीओ ट्रायबल को भेजी गई है। अब विभागीय स्तर पर इन शिक्षकों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।