शिवपुरी, रामजी की प्रतिमा तोड़ी, बजरंग बली का किया अपमान, कई देव स्थान क्षतिग्रस्त

Lalit Mudgal
0
shivpuri-samachar

पवन पाठक @ पिछोर। शिवपुरी जिले के पिछोर अनुविभाग के मायापुर थाना सीमा में स्थित पड़ौरा गांव में गढ़ी वाले राम-जानकी मंदिर की रामजी की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने और हनुमान जी के अपमान सहित आधा दर्जन से अधिक देव स्थानों को क्षतिग्रस्त करने की खबर मिल रही है। यह घटना 7 नवंबर की रात की बताई जा रही है। सबसे पहले गांव में स्थित तालाब के किनारे बने वाल्मीकि समाज के देव स्थान के क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिली। मामले की सूचना मायापुर थाने को दी गई है।

जानकारी के अनुसार, पड़ौरा गांव में स्थित पहाड़ी पर बने 200 साल पुराने राम-जानकी मंदिर में स्थापित अष्टधातु से बनी ढाई फुट ऊंची प्रतिमा को अज्ञात लोगों ने क्षतिग्रस्त कर दिया है। वहीं, इस मंदिर में विराजमान हनुमान जी के अपमान की भी खबर मिल रही है। मंदिर में घुसे अज्ञात व्यक्तियों के पैरों के निशान फर्श पर मिले हैं और इन पैरों के निशानों से सिंदूर बिगड़ा हुआ है।

गांव में निवास करने वाले शिवाजी राजा परमार ने बताया कि तालाब के किनारे महादेव मंदिर में शिवलिंग पर स्थापित नागराज को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया है। वहीं, गांव की पुरानी पहाड़ी पर स्थित काली माता मंदिर में भी तोड़फोड़ की गई है। यहां पर अज्ञात लोगों ने माता के मंदिर के त्रिशूल को खंडित कर दिया और यज्ञवेदी को तोड़ दिया है।

इसी प्रकार काली माता मंदिर में स्थित एक चबूतरे पर विराजमान भैरो बाबा की मूर्ति को भी उखाड़ दिया गया है। दीपावली के एक दिन पूर्व आधी रात को इस गांव के कई देव स्थानों और चबूतरों को खंडित किया गया है। इससे पूरे गांव में आक्रोश का माहौल है। इस पूरी घटना का सबसे आश्चर्यजनक पहलू यह है कि किसी भी मंदिर में चोरी का प्रयास नहीं किया गया है। तोड़ी गई और क्षतिग्रस्त की गई प्रतिमाएं मंदिरों में ही मिली हैं।

गांव के प्रसिद्ध और प्राचीन राम-जानकी मंदिर के पुजारी दीपावली की सुबह जब पूजा करने पहुंचे, तो देखा कि मंदिर के द्वार की सांकल और कुंडी टूटी हुई है। इस मंदिर में रामजी, जानकी माता और लक्ष्मण जी की अष्टधातु की लगभग ढाई फुट ऊंची प्रतिमाएं हैं। इन प्रतिमाओं में से रामजी की मूर्ति को खंडित कर अज्ञात लोग मंदिर में ही फेंक गए।

सबसे बड़ा सवाल: चोरी नहीं, तो क्या दंगा भड़काने की थी साजिश?
इस पूरी घटना का सबसे हैरान करने वाला और गंभीर पहलू यह है कि किसी भी मंदिर में चोरी का प्रयास नहीं किया गया है। राम-जानकी मंदिर में अष्टधातु की बेशकीमती मूर्तियां थीं, लेकिन आरोपियों ने उन्हें चुराने के बजाय सिर्फ खंडित करके वहीं फेंक दिया। इससे यह स्पष्ट होता है कि अपराधियों का उद्देश्य चोरी करना नहीं था, बल्कि त्योहार के समय धार्मिक भावनाओं को भड़काकर गांव का माहौल खराब करना था। पुलिस को अब इसी एंगल (साजिश) पर बारीकी से जांच करनी होगी।

Post a Comment

0Comments

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!