शिवपुरी। दीपावली पर छुट्टी लेकर घर आए एक फौजी का गुस्सा इस कदर भड़का कि मामूली कहासुनी में उसने मर्यादा और समझदारी की सारी सीमाएं पार कर दीं। पहले ग्रामीण से बहस हुई, फिर गुस्से में घर पहुंचा और वहां से कुल्हाड़ी उठाकर वापस आया। इसके बाद उसने धर्मेंद्र यादव पर जानलेवा हमला कर दिया। सिर और हाथ पर कुल्हाड़ी के वार लगने से धर्मेंद्र लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर उसकी जान बचाई। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना कोलारस अनुविभाग के तेंदुआ थाना क्षेत्र के ग्राम वल्हेरा की है।
कहासुनी हुई तो घर से कुल्हाड़ी लेने पहुंच गया फौजी
जानकारी के अनुसार, ग्राम वल्हेरा निवासी संजीव यादव सेना में सेवारत है। वह दीपावली का त्योहार मनाने के लिए छुट्टी लेकर अपने गांव आया हुआ था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसका गांव के ही धर्मेंद्र यादव से विवाद हो गया। शुरुआत में दोनों के बीच कहासुनी और बहस हुई। आसपास मौजूद लोग इसे सामान्य विवाद समझ रहे थे, लेकिन देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया।
बताया जा रहा है कि धर्मेंद्र से बहस के दौरान संजीव यादव अचानक अपने घर की तरफ चला गया। लोगों को लगा कि विवाद खत्म हो गया है, लेकिन कुछ ही देर बाद वह हाथ में कुल्हाड़ी लेकर वापस लौट आया। इसके बाद उसने धर्मेंद्र पर हमला कर दिया।
सिर और हाथ पर कुल्हाड़ी से किए वार
आरोप है कि संजीव यादव ने धर्मेंद्र यादव के सिर और हाथ पर कुल्हाड़ी से कई वार किए। अचानक हुए हमले से धर्मेंद्र को संभलने का मौका तक नहीं मिला। वह गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हालत में जमीन पर गिर पड़ा। घटना के दौरान मौके पर मौजूद ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह धर्मेंद्र को आरोपी के हमले से बचाया।
मामूली विवाद में बाल-बाल बची जान
हमले में धर्मेंद्र को गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद परिजन और ग्रामीण उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज जारी है। गांव में इस घटना के बाद दहशत और नाराजगी का माहौल है। दीपावली मनाने छुट्टी पर आए फौजी द्वारा मामूली कहासुनी में कुल्हाड़ी से हमला किए जाने की घटना ग्रामीणों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।