शिवपुरी। मदद के नाम पर ठगी का भी अब नया कारोबार सामने आने लगा है। इस बार न बीमारी का असली पर्चा था, न इलाज की कोई पर्ची और न ही मौत का कोई मातम। बस कहानी बदलती रही और मदद के नाम पर जेबें भरती रहीं। एक महिला ने पहले मस्जिद में पति और बेटे के ट्रेन हादसे का हवाला देकर मदद मांगी, फिर पति की मौत और तेरहवीं के नाम पर रकम जुटाई।
कुछ दिन बाद दूसरी मस्जिद पहुंची तो कहानी में पति की जगह बेटे की बीमारी आ गई। इंसानियत और दान की भावना से लोगों ने करीब 8 हजार रुपए दे भी दिए, लेकिन एक फोन कॉल ने झूठ का पूरा खेल उजागर कर दिया। पता चला कि न पति की मौत हुई थी और न बेटा अस्पताल में भर्ती था।
आरोप है कि महिला कुमोदनी पत्नी विनोद वर्मा, निवासी राजगढ़ मोहल्ला, थाना प्रेमनगर, झांसी (उत्तर प्रदेश) पिछले शुक्रवार को झांसी से शिवपुरी आई थी। ईदगाह स्थित बुरहान साहब की मस्जिद में उसने कहा, मेरे पति और बेटे का ट्रेन से एक्सीडेंट हो गया है। इलाज के नाम पर महिला ने मस्जिद पर लोगों से मदद मांगी नमाज पढ़ने आए लोगों ने अपनी हैसियत के अनुसार महिला की मदद की। उसे हजारों रुपये इकट्ठे हुए जिन्हें लेकर वह चली गई। इसके बाद महिला महिला ने पति की मौत और तेरहवीं करने के नाम पर नमाज पढ़ने आए लोगों से वसूली की। इतना ही नहीं जब महिला की हिम्मत खुल गई तो 13 नवंबर 2026 को वही महिला मेला ग्राउंड स्थित अब्बास अली मस्जिद पहुंची।
इस बार कहानी बदल गई। इस बार उसने कहा, मेरा बेटा अस्पताल में भर्ती है, इलाज के लिए पैसे चाहिए। बताया जा रहा है कि यहां भी लोगों ने मदद की और करीब 8 हजार रुपये एकत्रित हो गए। कुछ लोगों ने महिला का पहचान लिया और उन्हें महिला की कहानी में झोल लगा। उन्होंने महिला से मोबाइल नंबर लिया और उसके स्वजनों से संपर्क किया।
परिजनो से बातचीत में सामने आया कि महिला का पति जीवित है, बेटा भी घर पर ही है। न कोई मौत हुई, न कोई अस्पताल में भर्ती है। मौके पर मौजूद लोगों ने फिजिकल थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची, महिला से पूछताछ की। बताया जा रहा है कि पुलिस ने महिला से आवेदन लेकर उसे भविष्य में ऐसी गतिविधि दोबारा नहीं करने की नसीहत दी। इसके बाद पुलिस के कहने पर मुस्लिम समाज के लोगों ने ही महिला को किराया देकर झांसी के लिए रवाना किया।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।