Shivpuri News: सिंधिया के गढ़ मे जीतू पटवारी की कांग्रेसियो को पाठशाला, दो दिन का शिविर

Lalit Mudgal
0
shivpuri-samachar

शिवपुरी। ग्वालियर-चंबल अंचल में खोई जमीन वापस पाने के लिए कांग्रेस ने जमीनी स्तर पर किलेबंदी शुरू कर दी है। इसी रणनीति के तहत 16 और 17 नवंबर को जिला मुख्यालय शिवपुरी में कांग्रेस का दो दिवसीय हाई-प्रोफाइल प्रशिक्षण शिविर होगा। शिविर में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी शामिल होंगे। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार आएंगे। प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी रहेंगे। पार्टी के कई दिग्गज नेता भी मौजूद रहेंगे। स्थानीय पदाधिकारियों को संगठन की मजबूती का पाठ पढ़ाया जाएगा। आगामी चुनावों की रणनीति बताई जाएगी।

कांग्रेस शिविर से अनुशासन का संदेश भी देना चाहती है। तय कार्यक्रम के मुताबिक 16 नवंबर की सुबह फॉर्म भरकर रजिस्ट्रेशन होगा। इसके बाद सत्र शुरू होंगे। अनुशासन के लिए पदाधिकारियों का भोजन शिविर स्थल पर रहेगा। रात्रि विश्राम भी शिविर स्थल पर होगा। पार्टी आईडी कार्ड के बिना किसी पदाधिकारी को प्रवेश नहीं मिलेगा। पार्टी सूत्रों के मुताबिक यह शिविर औपचारिक बैठक नहीं है। शीर्ष नेतृत्व जिले के पदाधिकारियों की सक्रियता का आकलन करेगा। इसी आधार पर आगे संगठन में नई जिम्मेदारियां तय होंगी।

जमीनी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को साधने की कवायद
पार्टी के जिलाध्यक्ष मोहित अग्रवाल ने बताया कि दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का मुख्य उद्देश्य बूथ और मंडल स्तर तक संगठन को मजबूत करना और कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारियों के लिए तैयार करना है। शिवपुरी जिले की राजनीति और संगठनात्मक गतिविधियों में गुटबाजी व निष्क्रियता को अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पार्टी नेतृत्व चाहता है कि संगठन में सक्रियता बढ़े और हर पदाधिकारी अपने क्षेत्र में निर्धारित जिम्मेदारी के अनुसार काम करे।

इसी रणनीति के तहत नेतृत्व अब सीधे ब्लॉक अध्यक्ष, नगर अध्यक्ष और मंडल अध्यक्षों से संवाद स्थापित करेगा। शिविर में केवल इन्हीं चुनिंदा पदाधिकारियों को प्रवेश दिया जाएगा, ताकि बैठक में सीमित लोगों के बीच खुलकर चर्चा हो सके। पदाधिकारी बिना किसी दबाव या औपचारिकता के अपने-अपने क्षेत्रों की वास्तविक स्थिति, संगठन की कमजोरियों और स्थानीय स्तर पर आ रही चुनौतियों को वरिष्ठ नेताओं के सामने रख सकेंगे। 

जिलाध्यक्ष के मुताबिक, इस संवाद के जरिए संगठन की जमीनी स्थिति का आकलन किया जाएगा। साथ ही यह भी समझने की कोशिश होगी कि किन क्षेत्रों में पार्टी की सक्रियता कमजोर है और उसे किस तरह मजबूत किया जा सकता है। नेतृत्व पदाधिकारियों की कार्यशैली और सक्रियता को भी परखेगा। इसके आधार पर भविष्य में संगठनात्मक जिम्मेदारियों को लेकर फैसले लिए जा सकते हैं।

शिवपुरी में दिग्गजों की मौजूदगी के सियासी मायने
इस प्रशिक्षण शिविर में प्रदेश नेतृत्व के साथ-साथ अंचल के कद्दावर नेताओं पूर्व मंत्री केपी सिंह 'कक्काजू" और लाखन सिंह यादव की मौजूदगी के भी गहरे सियासी मायने निकाले जा रहे हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रभाव वाले इस क्षेत्र में कांग्रेस एकजुटता का संदेश देकर अपने कैडर में नया जोश भरना चाहती है। वरिष्ठ नेता अलग-अलग सत्रों में पदाधिकारियों के संशयों का निराकरण करेंगे। वे उन्हें सरकार की नीतियों के खिलाफ जनता के बीच मुखर होने के गुर सिखाएंगे।

Post a Comment

0Comments

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!