बदरवास। आस्था का रंग जब परवान चढ़ता है, तो इंसान बड़े से बड़ा जोखिम उठाने से भी पीछे नहीं हटता। शिवपुरी जिले के बदरवास स्थित खैराई गांव में दीपावली के अगले दिन कुछ ऐसा ही अद्भुत और रोंगटे खड़े कर देने वाला नजारा देखने को मिला। यहाँ भील समाज ने अपनी पीढ़ियों पुरानी और बेहद जोखिम भरी परंपरा निभाते हुए अपनी जान दांव पर लगा दी।
मन्नत पूरी होने की खुशी में दो युवक रास्ते पर औंधे मुंह लेट गए और उनके ऊपर से दर्जनों सजी-धजी गायों का पूरा झुंड तेज रफ्तार में गुजर गया। हैरतअंगेज बात यह रही कि आस्था के इस खतरनाक परीक्षण में किसी को कोई गंभीर चोट नहीं आई। विज्ञान इसे चाहे जो माने, लेकिन ग्रामीणों के लिए यह महज एक रस्म नहीं, बल्कि देवी-देवताओं के प्रति अटूट विश्वास और श्रद्धा का प्रतीक है।
ग्रामीणों के अनुसार, मनोकामना पूरी होने पर मन्नत धारी 2 युवक पांच दिन तक गांव के बाहर स्थित हनुमान मंदिर में रहे। इस दौरान पूजा-अर्चना की। उपवास किया। दीपावली के दूसरे दिन गोवंश की पूजा की। फिर परंपरा के तहत गायों के गुजरने वाले रास्ते पर लेट गए। दोनों युक्क पेट के बल औंधे लेटे रहे। ग्रामीण मौजूद रहे। गोवंश का पूरा झुंड उनके ऊपर से गुजर गया। कुछ गोवंश ने हाथ-पैर पर पैर रखा। अधिकतर गोवंश दोनों को बचाते हुए निकल गया। किसी को गंभीर चोट नहीं आई। भील समाज के लोग इस परंपरा को धार्मिक आस्था से जोड़कर देखते हैं। इसे पीढ़ियों से चली आ रही मान्यता मानते हैं।
भील समाज नारियल-फूल चढ़ाकर सजाते हैं गायें
आयोजन में गायों को विशेष रूप से सजाया जाता है। उन्हें नारियल और आर फूल अर्पित किए जाते हैं। भवानी माता की चुनरी भी चढ़ाई जाती है। पूजा के बाद गायों को गांव में घुमाया जाता है। फिर मन्त्रत धारी रास्ते पर कतार में लेट जाते हैं। गायों का झुंड उनके ऊपर से गुजरता है। इस दौरान मौजूद लोग तालियां बजाकर जयकारे लगाते हैं।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।