शिवपुरी। शिवपुरी जिले में तेज रफ्तार ट्रकों का कहर देखने को मिला है। जिले के दिनारा और कोलारस थाना क्षेत्रों में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में ट्रकों ने बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी। इन दुर्घटनाओं में एक 30 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
दिनारा में हुए हादसे में जान गंवाने वाला युवक अपने माता-पिता का इकलौता सहारा था, जिसकी ढाई साल पहले ही शादी हुई थी। इस घटना से एक मासूम बेटी के सिर से पिता का साया उठ गया है। वहीं, कोलारस में हुई दूसरी घटना में टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।
झांसी से लौटते वक्त दिनारा में हुआ दर्दनाक हादसा
पहला मामला दिनारा थाना क्षेत्र का है, जहां 14 और 15 नवंबर की दरमियानी रात करीब 12 बजे एक दर्दनाक हादसा हुआ। सिकंदरा आरटीओ बैरियर के पास रामू होटल के सामने एक अज्ञात ट्रक ने बाइक सवार रोहित यादव (30) पुत्र चरण सिंह यादव को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। दिनारा निवासी रोहित झांसी में एक ऑनलाइन दुकान में काम करता था और शनिवार-रविवार की रात बाइक से अपने घर लौट रहा था।
गंभीर रूप से घायल रोहित को सूचना मिलने पर परिजन 108 एंबुलेंस की मदद से झांसी ले गए, लेकिन रात करीब 2 बजे डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक रोहित के पिता दिनारा में प्राइवेट क्लीनिक चलाते हैं। रोहित माता-पिता का इकलौता बेटा था और करीब ढाई साल पहले ही उसकी शादी हुई थी। उसकी एक छोटी बेटी भी है। इस अचानक हुए हादसे से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है और दिनारा कस्बे में शोक की लहर है।
कोलारस के अंधे मोड़ पर पलटा ट्रक, चालक फरार
दूसरी घटना कोलारस थाना क्षेत्र की है, जहां रविवार सुबह गोराटीला रोड पर बौलाज गांव के अंधे मोड़ पर बाइक और ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। गोराटीला गांव का रहने वाला ब्रजेश बाथम रविवार सुबह अपनी बाइक से होटल पर काम करने जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से उसकी बाइक टकरा गई।
यह टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया और करीब 50 मीटर तक सड़क पर घिसटता चला गया। गनीमत रही कि इस हादसे में बाइक सवार ब्रजेश की जान बच गई, लेकिन वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिन्होंने घायल को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
फिलहाल युवक की हालत स्थिर बनी हुई है। वहीं, घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।