शिवपरी। शिवपुरी शहर के समाजसेवी व्यापारी समीर गांधी झांसी तिराहे वाले पेट्रोल पंप की जमीन का मामला हाईकोर्ट मे विचाराधीन था। हाईकोर्ट मे समीर गांधी हार गए और अब समीर गांधी को अपना झांसी तिराहा पेट्रोल पंप को 15 दिवस के अंदर हटाना होगा नही तो नगर पालिका शिवपुरी इस पेट्रोल पंप को बल पूर्वक हटा देगी। इस जमीन पर मालिकाना हक नगर पालिका शिवपुरी का है नगर पालिका ने यह जमीन वर्षो पहले लीज पर दे थी। लीज समय समाप्त हो चुका था। कुल मिलाकर 66 साल बाद हाईकोर्ट ने फैसला नगर पालिका के पक्ष मे दिया है,इस जमीन की कीमत लगभग 50 करोड रूपए बताई जा रही हैं।
शहर के सबसे व्यस्त और व्यावसायिक रूप से बेशकीमती क्षेत्र झांसी तिराहे (एबी रोड) पर स्थित गांधी पेट्रोल पंप व अन्य कब्जाधारियों को नपा बुधवार को बेदखली के नोटिस जारी करने जा रही है। कब्जाधारियों को जमीन खाली करने के लिए महज 15 दिन का समय दिया गया है। नपा अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि यदि तय मियाद में जमीन खाली नहीं की गई, तो जिला प्रशासन और पुलिस बल की मदद से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
कोर्ट के कड़े निर्देशों के बाद नपा सिर्फ जमीन ही वापस नहीं लेगी, बल्कि वर्ष 1999 से अब तक की बकाया लीज राशि, पेनल्टी और भारी हर्जाना भी कब्जाधारियों से वसूलेगी। हाईकोर्ट के फैसले ने नपा के दावे को पूरी तरह से स्पष्ट कर दिया है, जिसके बाद अब वसूली और बेदखली की कानूनी प्रक्रिया तेज कर दी गई है। बुधवार को जय भारत ऑटोमोबाइल्स, गांधी पेट्रोल पंप संचालक, सुधीर ऑटोमोबाइल्स और अन्य संबंधित पक्षों को औपचारिक नोटिस सौंप दिए जाएंगे।
महज 279 रुपये सालाना किराये पर दी गई थी करोड़ों की जमीन
नगर पालिका सीएमओ यशवंत राठौर के अनुसार, वर्ष 1960 में एबी रोड स्थित झांसी तिराहे के पास ब्लॉक क्रमांक 1, 2, 3 और 4 की 170-80 वर्गफीट जमीन 25 साल की लीज पर आवंटित की गई थी। उस दौर में इसका मूल प्रीमियम 4,472 रुपये और वार्षिक किराया सिर्फ 279.50 रुपये तय किया गया था। नियमानुसार लीज अवधि समाप्त होने से छह महीने पहले नवीनीकरण (Renewal) का आवेदन देना अनिवार्य था। ऐसा न करने पर लीज को आगे बढ़ाना या निरस्त करना पूरी तरह से नगर पालिका के अधिकार में था। 25 साल पूरे होने के बाद संबंधित फर्म ने न तो विधिवत नवीनीकरण कराया और न ही शर्तें पूरी कीं, जिसके बाद यह हाईप्रोफाइल मामला कोर्ट की दहलीज तक पहुंच गया।
हाईकोर्ट की कड़ी टिप्पणी: स्वतः नवीनीकरण का नियम खारिज
द्वितीय अपील पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट (एकल पीठ) ने निचली अदालतों के फैसलों को पलटते हुए कड़ा रुख अपनाया। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि सिर्फ नवीनीकरण का आवेदन देने या कुछ राशि जमा कर देने भर से लीज स्वतः नवीनीकृत (Auto-Renew) नहीं मानी जा सकती। कोर्ट ने अपने फैसले में माना कि फर्म ने शर्त संख्या 5 का खुला उल्लंघन करते हुए यह जमीन सुधीर ऑटोमोबाइल्स, इंद्र कुमार गांधी और अन्य लोगों को अवैध रूप से सब-लीज (उप-पट्टा) पर दे दी थी।
अब नपा की नजर दुर्गा टॉकीज और माधव चौक पर
झांसी तिराहे के इस बड़े मामले में मिली जीत से उत्साहित नगर पालिका के हौसले बुलंद हैं। अब नपा की नजरें शहर की दो अन्य प्रमुख और विवादित संपत्तियों—दुर्गा टॉकीज के पास स्थित जमीन और माधव चौक के समीप नपा के स्वामित्व वाले हिस्से पर टिक गई हैं। इन दोनों मामलों में भी न्यायालय में अंतिम दौर की सुनवाई चल रही है। अधिकारियों को पूरी उम्मीद है कि यहां भी फैसला नपा के पक्ष में आएगा, जिससे शहर के विकास कार्यों के लिए राजस्व में भारी इजाफा होगा।
15 दिन में खाली कराएंगे जगह
यह लंबे संघर्ष के बाद नगर पालिका को मिली एक ऐतिहासिक जीत है। बुधवार को संबंधित कब्जाधारियों को 15 दिन में जगह खाली करने का नोटिस दे रहे हैं। इसके बाद हमें दुर्गा टॉकीज और माधव चौक स्थित नपा की जमीन के फैसलों का भी बेसब्री से इंतजार है।
यशवंत राठौर, सीएमओ, नगर पालिका शिवपुरी
शिफ्टिंग के लिए और समय चाहिए
हाईकोर्ट का फैसला आया है। यदि नगर पालिका नोटिस जारी करती है, तो हमें जगह खाली करने के लिए 15 दिन से अधिक समय की आवश्यकता होगी। चूंकि वहां चालू पेट्रोल पंप है, इसलिए तेल कंपनी के अधिकारियों के साथ भी समन्वय करना पड़ेगा।"
समीर गांधी, संचालक, गांधी पेट्रोल पंप, शिवपुरी

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।