शिवपुरी । शिवपुरी जिले के सतनवाड़ा कला में, सतनवाड़ा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक कार की गायों के झुंड से टक्कर हो गई। हादसे में छह गायों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक गाय और एक छोटा बछड़ा घायल बताए गए हैं। दुर्घटना के बाद कार का अगला पहिया निकल गया, जिसके चलते वाहन मौके पर ही रुक गया।
पुलिस के रिपोर्ट के अनुसार, सतनवाड़ा कलां निवासी दिलीप जाटव सुबह करीब 5 बजे अपनी गाय और करीब एक वर्ष की बछिया को लेने के लिए खाद्य गोदाम के सामने हाईवे पर पहुंचे थे। इसी दौरान शिवपुरी की ओर से आ रही कार क्रमांक UP 14 CV 6067 गायों के झुंड से टकरा गई। शिकायतकर्ता के मुताबिक, कार तेज और लापरवाही से चलाई जा रही थी।
हादसे की सूचना मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि धर्मेंद्र खटीक सहित अन्य ग्रामीणों ने भी घटना देखी।सतनवाड़ा पुलिस ने मामले में FIR क्रमांक 0119/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 325 के तहत जांच शुरू की है। पुलिस के अनुसार दुर्घटना में शामिल कार और उसमें सवार चालक समेत एक व्यक्ति को मौके से पकड़कर थाने लाया गया है तथा मामले में विवेचना जारी है।
वहीं, कार चालक ईश्वर के अनुसार वे लोग भोपाल से पीलीभीत जा रहे थे। सतनवाड़ा थाना क्षेत्र के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर अचानक गायों का झुंड कार के सामने आ गया। चालक के मुताबिक गायों से टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।