शिवपुरी के अमन शर्मा की मुंबई मे मौत, 27 दिन बाद लाश रिकवर,पढिए मामला

vikas
0
shivpuri-samachar

शिवपुरी।
शहर के न्यू ब्लॉक क्षेत्र निवासी 27 वर्षीय मेकअप आर्टिस्ट अमन शर्मा की मुंबई में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सबसे दर्दनाक पहलू यह रहा कि परिजन करीब एक महीने तक उसके संपर्क में आने का प्रयास करते रहे, लेकिन मोबाइल बंद मिलने के कारण कोई जानकारी नहीं मिल सकी। आखिरकार मुंबई में लापता और लावारिस शवों का रिकॉर्ड रखने वाली वेबसाइट पर अमन की तस्वीर देखकर परिजनों को उसकी मौत की जानकारी मिली। इसके बाद परिवार मुंबई पहुंचा और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को शिवपुरी लेकर आया, जहां शनिवार को उसका अंतिम संस्कार किया गया।

जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक-5 स्थित न्यू ब्लॉक निवासी अमन शर्मा उम्र 27 साल पुत्र स्वर्गीय बसंत शर्मा पिछले लगभग 16 वर्षों से मुंबई में रहकर मेकअप आर्टिस्ट के रूप में काम कर रहा था। वह 25 अप्रैल को एक बुकिंग के सिलसिले में शिवपुरी आया था और 30 अप्रैल को वापस मुंबई लौट गया था।

बताया गया है कि अमन मुंबई के मीरा रोड थाना क्षेत्र में मीरा रेलवे स्टेशन के पास किराए के फ्लैट में रहता था। परिजनों के अनुसार 30 मई की रात करीब 8 बजे तक उसका मोबाइल सक्रिय था। इसके बाद 31 मई से उसका फोन लगातार बंद आने लगा। परिवार और रिश्तेदारों ने कई दिनों तक उससे संपर्क करने और अपने स्तर पर उसकी तलाश करने की कोशिश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।

वेबसाइट पर फोटो देखकर खुला मौत का राज
अमन की तलाश के दौरान उसके एक रिश्तेदार ने मुंबई में लापता और लावारिस शवों का रिकॉर्ड उपलब्ध कराने वाली वेबसाइट पर खोजबीन की। वहां अमन शर्मा की तस्वीर अपलोड मिली। इसके बाद वेबसाइट पर दिए गए संपर्क नंबरों पर बात करने से पता चला कि 31 मई को मीरा रोड थाना क्षेत्र में उसकी मौत हो चुकी थी।

पब्लिक टॉयलेट में मिला था बेहोश
प्राप्त जानकारी के अनुसार 31 मई की सुबह अमन मीरा रोड क्षेत्र के एक सार्वजनिक शौचालय में बेहोशी की हालत में पड़ा मिला था। राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां करीब चार घंटे तक उपचार चला, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि उसकी मौत साइलेंट हार्ट अटैक के कारण हुई होगी। हालांकि मौत के वास्तविक कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।

पहचान नहीं होने से मोर्चरी में रखा रहा शव
पुलिस को अमन के पास न तो मोबाइल मिला और न ही ऐसा कोई पहचान पत्र, जिससे उसकी पहचान हो पाती। इसी कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी और शव को स्थानीय शवगृह में सुरक्षित रख दिया गया। बाद में वेबसाइट के माध्यम से पहचान होने पर परिजनों को घटना की जानकारी मिली।

मुंबई से शिवपुरी लाया गया शव
मौत की पुष्टि होने के बाद अमन के परिजन मुंबई पहुंचे और सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर शव अपने कब्जे में लिया। इसके बाद शनिवार को शव शिवपुरी लाया गया, जहां परिजनों और परिचितों की मौजूदगी में मुक्तिधाम पर उसका अंतिम संस्कार किया गया। अमन की असमय मौत से पूरे परिवार में शोक का माहौल है।

Post a Comment

0Comments

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!