मेक इन इंडिया की पहचान बनेगा शिवपुरी, डिफेंस प्रोजेक्ट की नींव रखने पहुंचेंगे मुख्यमंत्री और सिंधिया

vikas
0
shivpuri-samachar

शिवपुरी।
शिवपुरी जिले के लिए 5 जुलाई का दिन ऐतिहासिक साबित हो सकता है। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया जिले के कोलारस क्षेत्र में करीब 2500 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित होने जा रही बहुप्रतीक्षित रक्षा उद्योग परियोजना की सौगात देने प्रस्तावित हैं। यह परियोजना न केवल देश की रक्षा उत्पादन क्षमता को नई मजबूती देगी, बल्कि शिवपुरी जिले के हजारों युवाओं के लिए रोजगार और औद्योगिक विकास के नए रास्ते भी खोलेगी। फिलहाल यह दौरा प्रस्तावित है और जिला प्रशासन इसकी तैयारियों में जुट गया है।

प्रस्तावित रक्षा विनिर्माण इकाई कोलारस क्षेत्र में मुंबई-ग्वालियर और कोटा हाईवे के जंक्शन के समीप स्थापित की जाएगी। यहां आधुनिक तकनीक से रक्षा उपकरण, गोला-बारूद और उन्नत सैन्य सामग्री का निर्माण किया जाएगा। यह परियोजना केंद्र सरकार के मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत अभियान को नई गति देने के साथ मध्य प्रदेश को देश के रक्षा उत्पादन मानचित्र पर महत्वपूर्ण स्थान दिलाने की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है।

इस परियोजना के शुरू होने के बाद हजारों युवाओं को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है। इसके साथ ही परिवहन, लॉजिस्टिक्स, निर्माण, सुरक्षा, रखरखाव और अन्य सहायक सेवाओं के माध्यम से भी बड़ी संख्या में अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे। विशेषज्ञों का मानना है कि इसका सबसे अधिक लाभ कोलारस, पोहरी और शिवपुरी क्षेत्र के युवाओं को मिलेगा। औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार के साथ तकनीकी प्रशिक्षण और स्थानीय व्यवसायों को भी नई रफ्तार मिलेगी, जिससे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को बड़ा बल मिलेगा।

जिला प्रशासन ने 5 जुलाई को प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियां शुरू कर दी हैं। प्रशासनिक स्तर पर आयोजन को लेकर विभिन्न व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। शिवपुरी कलेक्टर अर्पित वर्मा ने बताया कि, 5 जुलाई को प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियां जारी हैं। जिले के लिए रोजगार के क्षेत्र में यह बड़ी सौगात है। कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया शामिल होंगे।

Post a Comment

0Comments

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!