शिवपुरी। शहर में तेजी से पनप रहे अवैध कॉलोनियों के कारोबार पर अब जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर अवैध कॉलोनियों के खिलाफ विशेष अभियान शुरू कर दिया गया है। अभियान के पहले चरण में राजस्व विभाग ने जेसीबी मशीनों के साथ मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनियों में बनाई गई आंतरिक सड़कों को ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई के बाद अवैध कॉलोनाइजरों में हड़कंप मच गया है, वहीं प्रशासन ने साफ संकेत दे दिए हैं कि बिना वैधानिक अनुमति के कॉलोनी विकसित करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
बुधवार को एसडीएम आनंद सिंह राजावत के नेतृत्व में राजस्व अमले ने शहर के मनियर क्षेत्र में कार्रवाई की। टीम ने सर्वे क्रमांक-275 पर श्रीमती रेखा राय तथा सर्वे क्रमांक-259 पर शिवराज सिंह धाकड़ द्वारा विकसित की जा रही कॉलोनियों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पाया गया कि दोनों स्थानों पर नियमानुसार आवश्यक अनुमति लिए बिना कॉलोनी विकसित की जा रही थी और प्लॉटिंग के लिए आंतरिक सड़कें भी बनाई जा चुकी थीं।
जांच में अनियमितताएं मिलने के बाद प्रशासन ने तत्काल जेसीबी मशीन बुलाकर बनाई गई सड़कों को हटवा दिया। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने संबंधित कॉलोनाइजरों को स्पष्ट चेतावनी दी कि सक्षम प्राधिकारी से विधिवत अनुमति प्राप्त किए बिना यदि दोबारा कॉलोनी विकास या प्लॉटिंग का कार्य किया गया तो उनके विरुद्ध और अधिक कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
खरीदारों को भी किया सतर्क
प्रशासन ने इस कार्रवाई के साथ आम नागरिकों से भी विशेष अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि बिना वैधानिक स्वीकृति वाली कॉलोनियों में प्लॉट खरीदना भविष्य में गंभीर कानूनी और आर्थिक परेशानी का कारण बन सकता है। ऐसे मामलों में खरीदारों की जीवनभर की जमा-पूंजी फंस सकती है। इसलिए किसी भी भूखंड में निवेश करने से पहले उसकी राजस्व, नगर एवं ग्राम निवेश तथा अन्य आवश्यक शासकीय अनुमतियों की पूरी जांच अवश्य कर लें।
जिला स्तरीय कॉलोनी सेल करेगा निगरानी
कलेक्टर अर्पित वर्मा ने जिले में अनियोजित विकास पर रोक लगाने और अवैध कॉलोनियों के कारोबार को खत्म करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय कॉलोनी सेल का गठन किया है। यह सेल नगरीय क्षेत्रों में विकसित हो रही कॉलोनियों की नियमित निगरानी करेगा और बिना अनुमति किए जा रहे विकास कार्यों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करेगा।
एसडीएम को दिए नियमित निरीक्षण के निर्देश
कलेक्टर ने जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारियों (एसडीएम) को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्र में नियमित निरीक्षण करें और जहां भी अवैध कॉलोनी विकसित होती मिले, वहां तत्काल कार्रवाई करें। साथ ही अनधिकृत भूखंडों की बिक्री पर भी प्रभावी नियंत्रण रखा जाए, ताकि लोगों को धोखाधड़ी से बचाया जा सके। प्रशासन का कहना है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों की अनदेखी कर अवैध कॉलोनियां बसाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इससे शहर का सुनियोजित विकास सुनिश्चित होगा और आम नागरिकों के हितों की रक्षा भी हो सकेगी।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।