शिवपुरी। गर्मी की छुट्टियों और बढ़ती यात्री भीड़ के बीच शिवपुरी के रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर आई है। रेलवे ने इंदौर से प्रयागराज (सूबेदारगंज) के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है, जिसका लाभ सीधे तौर पर शिवपुरी जिले के यात्रियों को मिलेगा। यह ट्रेन शिवपुरी स्टेशन पर भी रुकेगी, जिससे प्रयागराज, कानपुर, इटावा और ग्वालियर की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिल सकेगी। खास बात यह है कि इस ट्रेन के लिए आरक्षण 11 जून से शुरू होगा।
रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार ट्रेन संख्या 04170 इंदौर–सूबेदारगंज स्पेशल 16 जून से 29 सितंबर 2026 तक प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को संचालित होगी। वहीं 04169 सूबेदारगंज–इंदौर स्पेशल 15 जून से 28 सितंबर 2026 तक प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को चलेगी।
शिवपुरी समेत कई प्रमुख स्टेशनों को मिलेगा लाभ
यह स्पेशल ट्रेन दोनों दिशाओं में फतेहाबाद चंद्रावतीगंज, उज्जैन, मक्सी, रुठियाई, गुना, शिवपुरी, ग्वालियर, सोनी, भिंड, इटावा, गोविंदपुरी और फतेहपुर स्टेशनों पर रुकेगी। इससे शिवपुरी जिले के यात्रियों को प्रयागराज जाने के लिए नया और सुविधाजनक विकल्प मिलेगा।
एसी, स्लीपर और जनरल कोच की सुविधा
रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन में थर्ड एसी, स्लीपर और जनरल सेकेंड क्लास कोच लगाए हैं। गर्मी और छुट्टियों के सीजन में नियमित ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए यह स्पेशल ट्रेन यात्रियों के लिए बड़ी राहत साबित हो सकती है।
11 जून से बुक कर सकेंगे टिकट
रेलवे अधिकारियों के अनुसार दोनों ट्रेनों का रिजर्वेशन 11 जून 2026 से शुरू होगा। ऐसे में प्रयागराज, कानपुर, इटावा या ग्वालियर की यात्रा की योजना बना रहे यात्रियों को समय रहते टिकट बुक कराने की सलाह दी गई है।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।