शिवपुरी। शहर के कमलागंज स्थित जाटव मोहल्ले में रविवार रात एक विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। एक ओर 17 वर्षीय नाबालिग लड़की ने पड़ोस में रहने वाले दो युवकों पर घर में घुसकर शादी का दबाव बनाने, छेड़छाड़ करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। वहीं दूसरी ओर आरोपित पक्ष ने खुद पर पुरानी रंजिश के चलते हमला किए जाने की शिकायत दर्ज कराई है। दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस ने अलग-अलग मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नाबालिग की शिकायत पर पॉक्सो एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है।
रात 10:30 बजे घर में घुसने का आरोप
पीड़ित 17 वर्षीय किशोरी के अनुसार, रविवार रात करीब 10:30 बजे पड़ोस में रहने वाले शैलू जाटव और भास्कर उर्फ भोला जाटव उसके घर में घुस आए। किशोरी का आरोप है कि शैलू ने उससे शादी करने की बात कही और जब उसने इसका विरोध किया तथा घर से बाहर जाने को कहा, तो आरोपी ने उसके साथ कथित रूप से छेड़छाड़ की। इस दौरान उसके कपड़े भी फट गए।
बहन और चचेरी बहन पहुंचीं तो उनसे भी अभद्रता का आरोप
किशोरी ने बताया कि उसके शोर मचाने पर उसकी बहन और चचेरी बहन मौके पर पहुंचीं। आरोप है कि दोनों युवकों ने उनके साथ भी धक्का-मुक्की और अभद्र व्यवहार किया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि जाते समय आरोपियों ने शादी नहीं करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने शैलू जाटव और भास्कर उर्फ भोला जाटव के खिलाफ पॉक्सो एक्ट तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
दूसरे पक्ष ने लगाया मारपीट का आरोप
दूसरी ओर शैलेन्द्र गोरख (जाटव) ने भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उसने आरोप लगाया कि पुरानी रंजिश के चलते रवि जाटव, बंटी जाटव और कट्टू जाटव ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए लोहे के पाइप, डंडों और हाथ-थप्पड़ों से मारपीट की।शिकायत के अनुसार बीच-बचाव करने पहुंचे उनके भाई भास्कर उर्फ भोला जाटव के साथ भी मारपीट की गई, जिससे दोनों घायल हो गए।
जिला अस्पताल में कराया गया उपचार
मारपीट में घायल दोनों लोगों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकीय परीक्षण के बाद पुलिस ने उनकी शिकायत पर भी मामला दर्ज कर लिया। इस शिकायत के आधार पर रवि जाटव, बंटी जाटव और कट्टू जाटव के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी सहित भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस कर रही दोनों मामलों की जांच
पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए हैं। नाबालिग की शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों के तहत की जा रही है, जबकि दूसरे पक्ष की मारपीट संबंधी शिकायत की भी स्वतंत्र रूप से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।