शिवपुरी। शिवपुरी जिले के लुकवासा पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम रामपुरी से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। पारिवारिक विवाद में उलझे एक दंपति के बीच समझौता कराने के लिए पुलिस ने घंटों प्रयास किए, लेकिन रिश्ते की दरार नहीं भर सकी। पत्नी के मायके लौटने के कुछ ही घंटों बाद 23 वर्षीय युवक ने गांव से करीब दो किलोमीटर दूर पहाड़ी पर एक पेड़ से फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
चरित्र शंका और घरेलू विवाद से शुरू हुआ झगड़ा
जानकारी के अनुसार ग्राम रामपुरी निवासी मर्दन सिंह आदिवासी उम्र 23 साल पुत्र गोविंद सिंह आदिवासी का शुक्रवार रात अपनी पत्नी से घरेलू विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि विवाद की वजह चरित्र पर संदेह और पारिवारिक कलह थी। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और मामला दोनों परिवारों तक पहुंच गया।
पुलिस चौकी में दोनों पक्ष पहुंचे, घंटों चली समझाइश
शनिवार सुबह पति-पत्नी अपने-अपने परिजनों के साथ शिकायत लेकर लुकवासा पुलिस चौकी पहुंचे। पुलिस ने दोनों पक्षों की बातें सुनीं और रिश्ता बचाने के उद्देश्य से काफी देर तक समझाइश दी। इसी दौरान पत्नी ने आरोप लगाया कि उसका पति शराब पीकर उसके साथ मारपीट करता था। वहीं मृतक पक्ष का कहना था कि युवक के साथ उसके ससुराल पक्ष ने मारपीट की थी। दोनों पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप के बीच कोई सहमति नहीं बन सकी।
पत्नी मायके चली गई, पति तीन साल के बेटे को लेकर घर लौटा
समझौता नहीं होने पर पत्नी अपने मायके वालों के साथ अशोकनगर जिले के रूसल्ला गांव चली गई। उधर मर्दन सिंह अपने तीन वर्षीय बेटे को लेकर घर लौट आया। बताया जा रहा है कि पत्नी के जाने के बाद वह मानसिक रूप से काफी परेशान था। परिवार के लोगों ने भी उसे सामान्य करने का प्रयास किया, लेकिन वह भीतर ही भीतर टूट चुका था।
सुबह घर से निकला और पहाड़ी पर लगा लिया फंदा
रविवार सुबह मर्दन सिंह घर से निकला। कुछ देर बाद गांव के बाहर स्थित प्लांटेशन क्षेत्र की नर्सरी में एक पेड़ पर उसका शव फांसी के फंदे से लटका मिला। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही लुकवासा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
तीन साल के मासूम के सिर से उठा पिता का साया
इस दर्दनाक घटना में सबसे बड़ी त्रासदी उस तीन वर्षीय मासूम की है, जिसके सिर से पिता का साया उठ गया। कुछ घंटे पहले तक माता-पिता के बीच विवाद चल रहा था और अब वह बच्चा अपने पिता को हमेशा के लिए खो चुका है।
पुलिस ने शुरू की जांच
लुकवासा पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच की जाएगी। फिलहाल प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ी आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।