शिवपुरी। आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) द्वारा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किए जाने के बाद पोहरी के एसडीएम जेपी गुप्ता पर शासन ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) ने शिवपुरी कलेक्टर को पत्र भेजकर निर्देश दिए हैं कि जेपी गुप्ता को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पोहरी के दायित्वों से तत्काल कार्यमुक्त कर कलेक्टर कार्यालय शिवपुरी से संबद्ध (अटैच) किया जाए। इस कार्रवाई के बाद जिले के प्रशासनिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।
EOW की FIR के बाद शासन हरकत में
जानकारी के अनुसार, आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) ग्वालियर ने एसडीएम जेपी गुप्ता और पटवारी अशोक वर्मा के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा-7 के तहत मामला दर्ज किया है। इसी मामले में EOW के महानिदेशक ने सामान्य प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव को पत्र भेजकर प्रकरण की जानकारी दी थी मामले की गंभीरता को देखते हुए सामान्य प्रशासन विभाग ने तत्काल प्रशासनिक हस्तक्षेप करते हुए कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं।
15 जुलाई को जारी हुआ आदेश
सामान्य प्रशासन विभाग के अवर सचिव सचिंद्र राय ने 15 जुलाई को शिवपुरी कलेक्टर को पत्र भेजा। पत्र में स्पष्ट कहा गया है कि जब तक शासन स्तर पर इस मामले का परीक्षण और अंतिम निर्णय नहीं हो जाता, तब तक जेपी गुप्ता को पोहरी एसडीएम के दायित्वों से मुक्त रखा जाए और उन्हें कलेक्टर कार्यालय शिवपुरी में अटैच किया जाए।
निष्पक्ष जांच और प्रशासनिक व्यवस्था का हवाला
विभागीय पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि यह निर्णय निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने और प्रशासनिक कार्यों पर किसी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव न पड़े, इस उद्देश्य से लिया गया है। शासन ने शिवपुरी कलेक्टर को निर्देश दिए हैं कि आदेश का तत्काल पालन करते हुए आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई करें और उसकी अनुपालन रिपोर्ट शीघ्र सामान्य प्रशासन विभाग को भेजें।
प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज
इस कार्रवाई के बाद जिले के प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। भ्रष्टाचार के मामले में किसी कार्यरत एसडीएम को उनके पद से हटाकर कलेक्ट्रेट अटैच करने की कार्रवाई को शासन का सख्त संदेश माना जा रहा है।
अब निगाहें EOW की जांच और शासन के अगले फैसले पर टिकी हैं। यदि जांच में आरोपों की पुष्टि होती है तो मामले में आगे और भी कड़ी विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।