दिनारा/करैरा। शिवपुरी जिले के करैरा अनुविभाग के दिनारा कस्बे में स्थित मित्रा कॉलोनी में निवास करने वाले देश की सेवा कर रहे एक आर्मी जवान के सूने मकान को चोरों ने निशाना बना लिया। बदमाश घर का ताला तोड़कर अंदर घुसा और करीब 31 मिनट तक इत्मीनान से पूरे घर की तलाशी लेता रहा। इस दौरान उसने लाखों रुपये के सोने के जेवर और करीब 74 हजार रुपये नकद समेट लिए। पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
बेटे का इलाज कराने शिवपुरी गई थी पत्नी
जानकारी के अनुसार मिश्रा कॉलोनी निवासी सपना जाटव, भारतीय सेना में कार्यरत धर्मेंद्र जाटव की पत्नी हैं। धर्मेंद्र जाटव वर्तमान में जम्मू-कश्मीर में तैनात हैं। सपना अपने पांच वर्षीय बेटे दीपांकर का इलाज कराने 16 जुलाई को शिवपुरी गई थीं। जांच के दौरान डॉक्टर ने बच्चे में खून की कमी बताते हुए आगे के उपचार के लिए पति या परिवार के किसी सदस्य के साथ आने की सलाह दी। इसके बाद सपना अपने मायके सलैया गांव (थाना अमोला) चली गईं। अगले दिन उनकी सास मुन्नी जाटव भी रात में पुराने घर चली गईं। इस कारण मकान पूरी तरह सूना हो गया, जिसका फायदा चोर ने उठा लिया।
रात 11:23 बजे ताला तोड़कर घर में घुसा बदमाश
शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे जब सपना वापस घर लौटीं तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो अलमारी का सामान बिखरा पड़ा था और लॉकर पूरी तरह खाली था।
चोर घर से एक सोने की चेन, चार सोने की चूड़ियां, मंगलसूत्र, सोने का हार, नथ, बेंदा सहित अन्य कीमती जेवर चोरी कर ले गया। इसके अलावा घर में रखे करीब 65 हजार रुपये नकद और बच्चे की गुल्लक में जमा करीब 9 हजार रुपये भी अपने साथ ले गया। कुल मिलाकर चोर करीब 74 हजार रुपये नकद और लाखों रुपये के आभूषण लेकर फरार हो गया।
31 मिनट तक खंगालता रहा पूरा घर, CCTV में कैद हुई वारदात
जब परिवार ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी तो पूरी घटना सामने आ गई। फुटेज में दिखाई दे रहा है कि रात 11:23 बजे एक अज्ञात बदमाश ताला तोड़कर घर में दाखिल हुआ। इसके बाद वह करीब 31 मिनट तक पूरे घर में आराम से अलमारी, लॉकर और कमरों की तलाशी लेता रहा। चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश रात 11:54 बजे मौके से फरार हो गया। हालांकि कैमरे में उसकी गतिविधियां कैद हुई हैं, लेकिन उसका चेहरा स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहा है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही दिनारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर अज्ञात चोर की तलाश शुरू कर दी है।
दिनारा थाना प्रभारी रविंद्र कुशवाहा ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। फुटेज में चोर का चेहरा स्पष्ट नहीं दिख रहा है, लेकिन पुलिस की टीम विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।