शिवपुरी मे 2 युवको की मौत, सडक किनारे मरा मिला भरत रावत, इधर हादसे में नीरज ने तोडा दम

vikas
0

शिवपुरी। जिले में सोमवार को दो अलग-अलग घटनाओं ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। नोहरी क्षेत्र में सड़क किनारे मिले एक युवक के शव की पहचान ईटमा गांव निवासी 40 वर्षीय भरत रावत के रूप में हुई। परिजनों ने मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। वहीं, रविवार रात थीम रोड पर तेज रफ्तार आर्टिका कार की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए बाइक सवार नीरज शर्मा की ग्वालियर में इलाज के दौरान मौत हो गई। दोनों मामलों में पुलिस जांच में जुटी हुई है।

नोहरी में सड़क किनारे मिला था शव
कोतवाली पुलिस के अनुसार रविवार रात करीब 11 बजे सूचना मिली थी कि नोहरी स्थित कंजर डेरे के पास सड़क किनारे एक युवक अचेत अवस्था में पड़ा है। पुलिस मौके पर पहुंची और उसे मेडिकल कॉलेज लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रात में उसकी पहचान नहीं हो सकी। सोमवार सुबह जब परिजन मेडिकल कॉलेज पहुंचे तो शव की पहचान ईटमा गांव निवासी 40 वर्षीय भरत रावत पुत्र बालकिशन रावत के रूप में हुई। इसके बाद परिवार में मातम छा गया।

सब्जी बेचने मंडी आया था, फिर नहीं लौटा घर
मृतक के भाई हिमाचल रावत ने बताया कि भरत शनिवार सुबह गांव से सब्जी लेकर शिवपुरी मंडी आया था। शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने सोचा कि वह किसी रिश्तेदार के यहां रुक गया होगा। लेकिन अगले दिन सड़क किनारे शव मिलने की सूचना ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया।

भाई का आरोप-हत्या हुई है, निष्पक्ष जांच हो
भरत रावत के भाई हिमाचल रावत ने आरोप लगाया कि उनके भाई की हत्या की गई है। उनका कहना है कि मामले की निष्पक्ष और गहराई से जांच कर दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए। परिजनों ने पुलिस से पूरे घटनाक्रम का खुलासा करने की मांग की है। मेडिकल कॉलेज चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा।

थीम रोड पर तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर
उधर, शहर की थीम रोड पर रविवार रात हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल बाइक सवार युवक नीरज शर्मा जिंदगी की जंग हार गए। सोमवार सुबह ग्वालियर में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 10 बजे बड़ौदी से पहले पुलिया के पास पीछे से तेज रफ्तार आ रही आर्टिका कार (एमपी-08 सीबी-1406) ने नीरज शर्मा की बाइक (एमपी-33 एमआर-1497) को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में नीरज गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और उनकी बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर विपिन शर्मा और उनके रिश्तेदार अमन शर्मा मौके पर पहुंचे और घायल नीरज को जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए ग्वालियर रेफर कर दिया, जहां सोमवार सुबह इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। शव का पोस्टमार्टम जेएएच ग्वालियर में कराया गया।

कार छोड़कर फरार हुआ चालक
पुलिस के मुताबिक हादसे के बाद कार चालक वाहन मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। परिजनों ने दुर्घटनाग्रस्त कार और बाइक को सुरक्षा की दृष्टि से देहात थाना परिसर में खड़ा करा दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

दोनों घटनाओं ने जिले में कानून व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का रहस्य पुलिस के सामने चुनौती बना हुआ है, वहीं दूसरी ओर तेज रफ्तार और लापरवाही ने एक और परिवार की खुशियां छीन ली हैं। अब दोनों मामलों में पुलिस जांच के नतीजों का इंतजार किया जा रहा है।

Post a Comment

0Comments

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!