शिवपुरी। जिले की पिछोर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक प्रीतम लोधी को पार्टी अनुशासन के तहत नोटिस जारी किया गया है। यह नोटिस भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की ओर से जारी किया गया है, जिसमें लोधी से 3 दिन के भीतर जवाब मांगा गया है। पूरा मामला करैरा कस्बे में विधायक के बेटे की थार गाड़ी से हुए एक्सीडेंट और उसके बाद विधायक द्वारा पुलिस अधिकारी पर की गई टिप्पणी के बाद तूल पकड़ गया है।
राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचा मामला
घटना के बाद मामला प्रदेश से निकलकर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच गया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने इस पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट मध्य प्रदेश भाजपा से तलब की थी। इसके बाद प्रदेश संगठन ने सख्ती दिखाते हुए नोटिस जारी किया।
नोटिस मिला तो दूंगा जवाब, विधायक प्रीतम लोधी
विधायक प्रीतम लोधी ने कहा कि उन्हें अभी तक कोई आधिकारिक नोटिस प्राप्त नहीं हुआ है। नोटिस मिलने के बाद ही वे पार्टी के सामने अपना पक्ष रखेंगे और जवाब देंगे। पुलिस ने विधायक के बेटे दिनेश को 19 अप्रैल को पूछताछ के लिए बुलाया था। इसी दौरान विधायक और पुलिस के बीच बयानबाजी तेज हो गई, जिसने विवाद को और बढ़ा दिया।
SDOP पर विवादित टिप्पणी से बढ़ा विवाद
विधायक लोधी का एक वीडियो सामने आया, जिसमें वे एसडीओपी आयुष जाखड़ को लेकर आपत्तिजनक बयान देते नजर आए। उन्होंने कहा कि वे “10 हजार लोगों को लेकर बंगले को गोबर से भरवा देंगे” और “करैरा तेरे डैडी का नहीं है” जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया। इसके अलावा उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि उन्हें दिल्ली से निर्देश कौन दे रहा है
विपक्ष का हमला
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने इस मुद्दे पर भाजपा को घेरते हुए कहा कि जो पार्टी पहले कांग्रेस पर आरोप लगाती थी, अब खुद के मंत्री और विधायक कानून की धज्जियां उड़ा रहे हैं। उन्होंने भाजपा को “गुंडा पार्टी” तक कह दिया।
बढ़ सकती है सियासी गर्मी
इस पूरे घटनाक्रम के बाद शिवपुरी जिले की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि विधायक का जवाब क्या होता है और पार्टी इस मामले में आगे क्या कार्रवाई करती है।
%20(2).webp)
प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।