शिवपुरी। जिले के पिछोर कस्बे में बीते रोज दो ठगों ने एक विकलांग महिला को तंत्र के सहारे ठीक करने का झांसा देकर उससे सोने, चांदी के आभूषण ठग लिए। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात ठगों के विरूद्ध भादवि की धारा 420 के तहत ठगी का मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार फरियादी रामप्यारी पत्नि हनुमंत सिंह लोधी निवासी राजघाट कॉलोनी पिछोर रोजाना की तरह अपने घर पर बैठी थी तभी दो तांत्रिक वहां आए और महिला के विकलांगपन को खत्म करने की बात कह कर अपने झांसे में ले लिया और कहा कि माँ तुम एक थाली में चावल रखकर अपने सोने चांदी के आभूषण रख लाओ।
महिला ने ठगों से प्रभावित होकर अपने आभूषण थाली में रख लिए। यह देखकर ठगों ने आभूषणों से भरी थाली अपने हाथ में लेकर महिला रामप्यारी से कहा कि पास में स्थित कालीमाता के दर्शन कर आओ तब तक हम तांत्रिक क्रिया करते हैं। बस ठगों के कहे अनुसार महिला मंदिर पर दर्शन करने चली लेकिन जब वह लौटकर घर आई तो उसे घर में कोई नहीं मिला। ठग सोने, चांदी के आभूषण लेकर भाग चुके थे। इस पर महिला ने अपने आपको ठगा महसूस किया।
इस बात की जानकारी रामप्यारी ने अपने पुत्र संजीव कुमार लोधी को दी तो उन्होंने तत्काल इस बात की रिपोर्ट पिछोर थाने में की जिस पर से पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ 420 का प्रकरण दर्ज कर लिया है।