कोलारस। शिवपुरी जिले के कोलारस अनुविभाग के तेंदुआ थाना क्षेत्र में गुरुवार रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। रिश्तेदारी में आयोजित तेरहवीं कार्यक्रम से लौट रहे बाइक सवार दो युवकों की ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस कार्रवाई में देरी का आरोप लगाते हुए परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। शुक्रवार को ग्रामीण दोनों शवों को लेकर तेंदुआ थाने पहुंच गए और आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कई घंटों तक धरना-प्रदर्शन किया।
तेरहवीं कार्यक्रम से लौटते समय हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम कूदोनिया गणेश निवासी कन्हैयालाल धाकड़ (21) पुत्र स्वर्गीय भरोसीलाल धाकड़ और सुघर सिंह धाकड़ (35) पुत्र रघुवीर धाकड़ गुरुवार शाम एक रिश्तेदार के यहां आयोजित तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद दोनों एक ही बाइक पर सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे।
रात करीब 8 बजे जब वे खरई-टोरिया मार्ग पर स्थित गैस एजेंसी के समीप पहुंचे, तभी सामने से आ रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और उनके सिर में गंभीर चोटें आईं।
मौके पर ही चली गई दोनों की जान
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भयावह था कि दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर शवों को अपने कब्जे में लिया। गांव में हादसे की खबर पहुंचते ही शोक की लहर दौड़ गई। एक ही गांव के दो लोगों की अचानक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक फरार
ग्रामीणों के अनुसार दुर्घटना के तुरंत बाद ट्रैक्टर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। लोगों ने उसका पीछा करने का प्रयास भी किया, लेकिन वह अंधेरे का फायदा उठाकर निकल गया। परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद पुलिस ने आरोपी चालक को पकड़ने और ट्रैक्टर जब्त करने के लिए तत्परता नहीं दिखाई। इसी बात को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती गई।
शव लेकर थाने पहुंचे ग्रामीण
शुक्रवार सुबह मृतकों के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण दोनों शवों को लेकर तेंदुआ थाना पहुंच गए। यहां उन्होंने थाने परिसर में धरना शुरू कर दिया और आरोपी चालक की तत्काल गिरफ्तारी, ट्रैक्टर की जब्ती तथा सख्त कार्रवाई की मांग की। करीब चार घंटे तक चले इस प्रदर्शन के दौरान थाने का माहौल तनावपूर्ण बना रहा। ग्रामीणों का कहना था कि जब तक आरोपी की गिरफ्तारी और ठोस कार्रवाई का भरोसा नहीं मिलेगा, तब तक वे धरना समाप्त नहीं करेंगे।
पुलिस अधिकारियों के आश्वासन पर माने परिजन
धरने की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मामले की जानकारी ली और प्रदर्शनकारियों से चर्चा की। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि आरोपी चालक की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस के आश्वासन के बाद परिजन और ग्रामीण शांत हुए तथा धरना समाप्त किया। इसके बाद दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया और अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
तेंदुआ थाना प्रभारी नीतू धाकड़ ने बताया कि दुर्घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है। फरार ट्रैक्टर चालक की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम लगातार दबिश दे रही है। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है तथा आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाऐगा।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।