शिवपुरी में हादसों का ब्लैक वीकेंड, 5 लोगों की मौत, कहीं उजड़े सुहाग तो कहीं बुझ गया घर का चिराग

vikas
0
shivpuri-samachar

शिवपुरी। शिवपुरी जिला पिछले 24 से 48 घंटों के भीतर भीषण हादसों और चीखों से दहल उठा है। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से आई दर्दनाक खबरों ने पूरे इलाके में मातम पसरा दिया है। इन हादसों में एक मासूम बच्चे समेत कुल 5 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है, जबकि तीन लोग जिंदगी और मौत के बीच अस्पताल में जंग लड़ रहे हैं। रफ्तार का कहर, लापरवाही और एक अनहोनी ने कई हंसते-खेलते परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन ली हैं।

इंदार में रफ्तार का कहर, दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, एक की मौत
शनिवार को इंदार थाना क्षेत्र के रन्नौद-माढा-सिंघारई रोड पर रफ्तार के जुनून ने एक युवक की जान ले ली। सिंघारई का रहने वाला 34 वर्षीय हरपाल यादव अपनी बाइक से माढा की तरफ जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे कैलाश जाटव की बाइक से उसकी सीधी और बेहद जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरे। राहगीरों की सूचना पर पहुंची इंदार पुलिस ने दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने हरपाल यादव को मृत घोषित कर दिया, जबकि कैलाश जाटव की हालत गंभीर बनी हुई है। इंदार थाना प्रभारी विवेक यादव ने बताया कि मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

लुकवासा में उजड़ा सुहाग, धार्मिक कार्यक्रम से लौट रहे दंपत्ति को कार ने रौंदा
शुक्रवार की रात लुकवासा क्रॉसिंग (NH-46) पर एक और दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। खरई गांव के रहने वाले 55 वर्षीय किसान देवीलाल जाटव अपनी पत्नी सुमित्रा के साथ एक रिश्तेदार के यहां धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होकर खुशी-खुशी बाइक से घर लौट रहे थे। उन्हें क्या मालूम था कि काल रास्ते में उनका इंतजार कर रहा है।

गुना की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को बेरहमी से टक्कर मार दी। दोनों को गंभीर हालत में शिवपुरी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। इलाज के दौरान देवीलाल ने दम तोड़ दिया। उनकी पत्नी सुमित्रा इस समय डॉक्टरों की कड़ी निगरानी में जिंदगी की जंग लड़ रही हैं। इस घटना के बाद से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

खेल-खेल में चली गई जान: जामुन तोड़ने पेड़ पर चढ़ा 13 वर्षीय अर्जुन गिरा, मौत
कहते हैं कि मौत कब और किस रूप में आ जाए, कोई नहीं जानता। शुक्रवार की शाम गोवर्धन थाना क्षेत्र के भिलौडी गांव में एक मासूम की जान बेहद दुखद तरीके से चली गई। 13 साल का बालक अर्जुन यादव अपने दोस्तों के साथ खेत पर जामुन तोड़ने गया था।

मीठे जामुन के लालच में अर्जुन एक ऊंचे पेड़ पर चढ़ गया, लेकिन अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया। अर्जुन सीधे ऊंचाई से पथरीली जमीन पर आ गिरा। सिर और शरीर में गंभीर चोटें आने के कारण उसे तुरंत शिवपुरी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, लेकिन तमाम कोशिशों के बाद भी डॉक्टर मासूम अर्जुन को नहीं बचा सके। इस हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है।

तेंदुआ में ट्रैक्टर का तांडव
सबसे ज्यादा आक्रोश और तनाव का माहौल तेंदुआ थाना क्षेत्र में देखने को मिला। गुरुवार की रात ग्राम कूदोनिया गणेश के रहने वाले दो युवक-कन्हैयालाल धाकड़ (21 वर्ष) और सुघर सिंह धाकड़ (35 वर्ष) एक रिश्तेदार के यहाँ तेरहवीं के कार्यक्रम से बाइक द्वारा घर लौट रहे थे। खरई-टोरिया मार्ग पर एक बेलगाम ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना वीभत्स था कि दोनों युवकों के सिर पर गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया। हादसे के बाद निर्दयी ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।

पुलिस की ढिलाई पर भड़के ग्रामीण, 4 घंटे तक थाना घेरा
इस घटना के बाद पुलिस की कथित सुस्त कार्रवाई से ग्रामीणों और परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। शुक्रवार को आक्रोशित ग्रामीणों ने दोनों युवकों के शवों को तेंदुआ थाने के सामने रख दिया और धरने पर बैठ गए। करीब चार घंटे तक थाना परिसर में भारी तनाव की स्थिति बनी रही। ग्रामीण आरोपी चालक की तुरंत गिरफ्तारी और ट्रैक्टर जब्त करने की मांग पर अड़े रहे। बाद में तेंदुआ थाना प्रभारी नीतू धाकड़ और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा आरोपी की पहचान होने और जल्द गिरफ्तारी के ठोस आश्वासन के बाद प्रदर्शन शांत हुआ।

Post a Comment

0Comments

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!