शिवपुरी। शादी के नाम पर भोले-भले युवकों को फंसाकर उनके घर में डाका डालने और बाद में झूठे मुकदमों की धमकी देकर लाखों रुपये ऐंठने वाली एक शातिर लुटेरी दुल्हन' का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ग्वालियर जिले के बिजौली थाना अंतर्गत ग्राम मुगुलपुरा निवासी पीड़ित राहुल जाटव (पुत्र कमल सिंह जाटव) ने शिवपुरी के पुलिस अधीक्षक (SP) को शिकायती पत्र सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित का आरोप है कि अमोली की रहने वाली उसकी पत्नी राखी जाटव एक पेशेवर ठग है, जो अब तक करीब 10 लोगों को अपनी कूट रचित शादियों के जाल में फंसाकर ठग चुकी है।
शादी के चंद दिनों बाद ही जेवरात पार
पीड़ित राहुल जाटव ने बताया कि उसकी शादी बीते 14 अप्रैल 2026 को शिवपुरी जिले के करेरा तहसील के ग्राम अमोला की रहने वाली राखी जाटव (पुत्री भैयालाल जाटव) के साथ हुई थी। पीडित युवक ने बताया कि राखी और मेरी मुलाकात सोशल मीडियो के माध्यम से हुई थी। उसके बाद मुलाकाते बढती गई और मैने और राखी ने शादी कर ली। शादी के कुछ ही दिनों बाद राखी ने अपने ममेरे भाई राजकुमार और उसके साथियों के साथ मिलकर राहुल के घर से सोने-चांदी के जेवरात चोरी करवा दिए। इस संबंध में पीड़ित पक्ष द्वारा थाने में एफआईआर (FIR) भी दर्ज कराई गई थी।
10 शादियां कर बना चुकी है शिकार, मां-बहन भी गैंग में शामिल
चोरी की घटना के बाद जब पीड़ित राहुल ने अपने स्तर पर पत्नी राखी के बैकग्राउंड की जांच की, तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। राहुल को पता चला कि राखी कोई साधारण महिला नहीं, बल्कि एक सक्रिय ब्लैकमेलिंग गिरोह की सदस्य है। वह अब तक करीब 10 युवकों के साथ शादी रचाकर उन्हें कंगाल कर चुकी है। इस पूरे काले धंधे में राखी की मां बेजंती बाई और उसकी बहन वंदना जाटव भी बराबर की हिस्सेदार हैं। पीड़ित ने मांग की है कि यदि आरोपी महिला और उसके परिवार के बैंक खातों की जांच की जाए, तो करोड़ों रुपये की ठगी का बड़ा खुलासा हो सकता है।
₹5 लाख की डिमांड, जिस्मफरोशी के झूठे केस में फंसाने की धमकी
राहुल ने शिकायत में बताया कि शादी के बाद राखी कुछ दिन ही उसके साथ रही और 23 मई 2026 को बिना बताए अपने मायके चली गई। इसके बाद उसने विभिन्न मोबाइल नंबरों से राहुल को फोन कर धमकाना शुरू कर दिया।
महिला ने फोन पर धमकी देते हुए कहा
मुझे तेरे साथ नहीं रहना है, मुझे ₹5,00,000 (पांच लाख रुपये) दे दे। अगर पैसे नहीं दिए तो मीडिया में शोर मचा दूंगी कि तू मुझसे जिस्मफरोशी (वेश्यावृत्ति) का धंधा करवाता है। तेरे पूरे परिवार की इज्जत मिट्टी में मिला दूंगी और जेल भिजवा दूंगी। इस खेल में मैं अकेली नहीं हूँ, मेरा पूरा सिस्टम है। तेरे जैसे कई आए और कई गए, कितनों को ठिकाने लगा दिया।
इस धमकी के बाद से पीड़ित के मोबाइल पर लगातार अन्य अज्ञात लोगों के भी धमकी भरे फोन आ रहे हैं, जिससे पीड़ित और उसका पूरा परिवार गहरे खौफ में जीने को मजबूर है। राहुल ने आशंका जताई है कि यदि उसके साथ कोई अनहोनी होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदार राखी जाटव होगी।
साइबर सेल के कर्मचारी पर भी मिलीभगत का संगीन आरोप
इस पूरे मामले में एक और चौंकाने वाला मोड़ आया है। पीड़ित राहुल जाटव ने पुलिस को सौंपे शिकायती पत्र में शिवपुरी साइबर सेल में पदस्थ एक कर्मचारी आलोक व्यास पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। राहुल का कहना है कि साइबर सेल का यह कर्मचारी कथित तौर पर राखी जाटव को राहुल के फोन का पूरा पर्सनल डेटा लीक कर रहा है और उसे हर महीने फोन-पे (PhonePe) के जरिए पैसे भी ट्रांसफर करता है।
एसपी से सख्त कार्रवाई की गुहार
पीड़ित राहुल जाटव ने शिवपुरी पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि लुटेरी दुल्हन राखी जाटव, उसकी मां बेजंती बाई, बहन वंदना और उनके मददगारों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाए, ताकि यह गिरोह भविष्य में किसी और मासूम युवक की जिंदगी और परिवार को तबाह न कर सके। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।