शिवपुरी। एबी रोड़ पर स्थित ग्राम बांसखेड़ी के पास संचालित शिवपुरी पेट्रोल पंप पर बीती रात्रि कलेक्टर ओपी श्रीवास्तव के निर्देश के बाद खाद्य विभाग के जिला आपूर्ति अधिकारी केएल प्रजापति द्वारा एक बड़ी कार्रवाही की गई जहां जांच के दौरान पता चला कि उक्त पेट्रोल पंप के लायसेंस की समयावधि समाप्त होने के बाद भी पेट्रोल पंप पर डीजल पेट्रोल विक्रय किया जा रहा था।
खाद्य विभाग द्वारा पेट्रोलपंप के प्रबंधक परमाल सिंह पुत्र विजय सिंह के खिलाफ 3/7 आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। वहीं पेट्रोल पंप को सील कर वहां रखा 2745 लीटर पेट्रोल और 8596 लीटर डीजल कीमती 7 लाख 31 हजार 365 रूपए का जप्त कर लिया है।
जानकारी के अनुसार कलेक्टर ओपी श्रीवास्तव को शिकायतें प्राप्त हो रही थी कि एबी रोड़ पर संचालित शिवपुरी पेट्रोल पंप पर मिलावटी डीजल पेट्रोल का विक्रय होता है। इन शिकायतों को संज्ञान में लेते हुए श्री श्रीवास्तव ने जिला आपूर्ति अधिकारी केएल प्रजापति को कार्रवाही करने के निर्देश दिए।
रात्रि में श्री प्रजापति ने अपने दल बल के साथ पेट्रोल पंप पहुंचे जहां उन्होंने पेट्रोल पंप से संबंधित कागजातों को अपने कब्जे में लिया और पेट्रोल पंप का लायसेंस चैक किया तो उसकी समयावधि समाप्त हो चुकी थी।
इसके बाद भी वह पेट्रोल पंप डीजल पेट्रोल की विक्री शुरू थी। श्री प्रजापति ने तुरंत ही लायसेंस जप्त कर पेट्रोल पंप को सील कर दिया। साथ ही वहां रखा पेट्रोलियम पदार्थ जप्त कर अपने कब्जे में ले लिया।