शराब बंदी को लेकर सेवादल ने निकाली रैली

शिवपुरी। मध्य प्रदेश कांग्रेस सेवादल के आह्वान पर जिला कांग्रेस सेवादल ने आज रैली निकाल कर शराब की विक्री पर प्रतिबंध लगाने की मांग की। सेवादल अध्यक्ष अनिल शर्मा उत्साही के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन डिप्टी कलेक्टर प्रजापति को सौंपा। इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरवीर सिंह रघुवंशी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष सिद्धार्थ लढ़ा, पूर्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष राकेश गुप्ता, जनपद अध्यक्ष पारम रावत, उपाध्यक्ष अशोक ठाकुर, केएल राय सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे। 

सेवादल कार्यकर्ताओं की रैली आज सुबह 11 बजे से प्राईवेट बस स्टेण्ड क्षेत्र से प्रारंभ हुई। रैली में सेवा दल कार्यकर्ता जोरशोर से प्रदेश में शराब बंदी की मांग कर रहे थे। नगर के प्रमुख मार्गो से गुजरती हुई रैली कलेक्ट्रेट पहुंची जहां महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन डिप्टी कलेक्टर प्रजापति को सौंपा।

इस अवसर पर सेवादल अध्यक्ष अनिल उत्साही ने ज्ञापन का वाचन किया। ज्ञापन में मध्य प्रदेश सरकार पर अरोप लगाया गया कि भाजपा सरकार ने गांव-गांव गली-गली मोहल्ले में शराब की दुकान खुलवाकर पूरे प्रदेश का वातावरण दूषित कर दिया है। जिसके कारण आए दिन लड़ाई झगड़े हो रहे हैं और हजारों परिवार उजड़ रहे हैं। शराब के कारण महिलाओं एवं बच्चों पर इसका कुप्रभाव पड़ा है। इसलिए शराब बिक्री पर पूर्णत: प्रतिबंध लगाया जाए।