शिवपुरी । कल मुस्लिम समाज की रैली में नपाध्यक्ष मुन्नालाल कुशवाह की अगुवाई से आक्रोशित विश्व हिन्दू परिषद और बजरंगदल के कार्यकर्ताओं ने आक्रोशित अंदाज में उनके निवास स्थान पर जमकर प्रदर्शन किया। हिन्दू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने उनके विरूद्ध जोरदार नारेबाजी की और उन्हें बुर्का भेंट करने का प्रयास किया।
लेकिन श्री कुशवाह घर पर नहीं मिले। हालांकि बजरंग दल के विभाग संयोजक नरेश ओझा का आरोप है कि उन्हें देखकर नपाध्यक्ष मुन्नालाल कुशवाह पिछले दरवाजे से भाग निकले। बाद में पुलिस ने नारेबाजी कर हिन्दू संगठनों के कार्यकर्ताओं को उनके घर से हटाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कल मुस्लिम समाज ने हिन्दू महासभा के नेता श्री कमलेश तिवारी के लखनऊ में दिये गए उस बयान से आक्रोशित होकर जुलूस निकालकर महामहिम राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर राजीव दुबे को ज्ञापन सौंपा था। जिसमें श्री तिवारी ने मुस्लिम समाज के पैग बर मो. साहब के विरूद्ध आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणी की थी। वहीं मदरसौं पर भी आतंकवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाया था।
मुस्लिम समाज के उस आंदोलन में नपाध्यक्ष मुन्नालाल कुशवाह और एक कांग्रेस पार्षद आकाश शर्मा भी शामिल हुए थे। इसके विरोध में बजरंग दल और विहिप ने नपाध्यक्ष मुन्नालाल को बुर्का भेंट करने की योजना तैयार की और आज सुबह 8:30 बजे विश्व हिन्दू परिषद के जिलाध्यक्ष रामसिंह यादव और बजरंग दल के विभाग संयोजक नरेन्द्र ओझा के नेतृत्व में दो दर्जन से अधिक कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए नपाध्यक्ष के निवास स्थान गौतम बिहार कॉलोनी पहुंचे।
जहां कार्यकर्ताओं ने नपाध्यक्ष को बुर्का भेंट करने के लिए उन्हें घर से बाहर बुलाया, लेकिन नपाध्यक्ष के निज सचिव का संदेश आया कि मुन्नालाल कुशवाह घर पर नहीं है। इसके बाद हिन्दू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी शुरू कर दी। बाद में कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और उन्होंने हिन्दू संगठनों के कार्यकर्ताओं को वहां से हटाया।
इनका कहना है।
नपाध्यक्ष मुन्नालाल कुशवाह ने हिन्दूओं का अपमान किया है। इसलिए उन्हें हिन्दू समाज से वहिष्कृत करने के लिए अन्य हिन्दू संगठनों से बात की जा रही है और आज सुबह नपाध्यक्ष को कई हिन्दू संगठनों के साथ हमारे कार्यकर्ता उनके निवास स्थान पर बुर्का भेंट करने के लिए पहुंचे लेकिन वह पिछले दरबाजे से भाग खड़े हुए। नपाध्यक्ष अब जहां कहीं भी हमें मिलेंगे हम उन्हें बुर्का भेंट करेंगे।
नरेश ओझा
विभाग संयोजक बजरंग दल
हमें सूचना प्राप्त हुई थी कि नपाध्यक्ष के निवास स्थान पर विहिप एवं बजरंग दल के कार्यकर्ता नारेबाजी कर रहे हैं। इस सूचना पर पुलिस बल वहां पहुंचा और उन्होंने नारेबाजी कर रहे लोगों को वहां से खदेड़ दिया।
संजय मिश्रा
नगर निरीक्षक कोतवाली शिवपुरी

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।