शिवपुरी। कोतवाली क्षेत्र के नबाव साहब रोड पर स्थित गौरव स्टील के संचालक को 8 माह पूर्व ग्राहक द्वारा की गई उधारी मांगना उस समय महंगा पड़ गया जब दुकानदार उसके घर पहुंचा जहां ग्राहक ने अपने परिजनों के साथ मिलकर उसकी मारपीट कर दी और उसे तलवार दिखाकर वहां से भगा दिया। उक्त मामले की शिकायत पीडि़त दुकानदार कोतवाली पहुंचा और अपनी पीड़ा पुलिस को सुनाई। समाचार लिखे जाने तक पुलिस ने कोई प्रकरण दर्ज नहीं किया था।
पीडि़त गौरव स्टील के संचालक राजू पुत्र केआर वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि मनियर सहराने में रहने वाले राजेश रावत ने आठ माह पूर्व उसकी दुकान से किबाड़ की जोड़ी बनवाई थी जिसका कुछ रुपये राजेश ने उस समय दे दिया था और 2800 रुपये लेना शेष थे। जिसे राजू ने कई बार ग्राहक से मांगे जिस पर उसने उसकी उधारी चुकता करने का आश्वासन दिया। इसके बाद राजेश ने दुकानदार का फोन उठाना बंद कर दिया।
इस तरह आठ माह बीत गये, लेकिन आज सुबह जब राजू अपने उधारी के पैसे मांगने राजेश के घर गया तो उसने राजू को धमकाते हुए उसकी बनाई गई किबाड़ जोड़ी की खामियां निकालना शुरू कर दी और रुपये देने से इनकार कर दिया। राजू ने जब ग्राहक से कहा कि यह समस्या उन्हें थी उन्होंने उससे दुकान पर आकर संपर्क क्यों नहीं किया जिस पर ग्राहक आग बबूला हो गया और राजू की अपने परिवारजनों के साथ मिलकर मारपीट कर दी। बाद में वह अपने घर में से तलवार लेकर आया और राजू को धमकी दी कि वह अब उसके घर पर कभी भी न आये अगर आया तो उसे काट देगा और उसे वहां से भगा दिया। इसके बाद पीडि़त दुकानदार कोतवाली पहुंचा और पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।