कोलारस। शिवपुरी जिले के कोलारस थाना क्षेत्र के मोहराई गांव में 35 वर्षीय एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक ने आत्महत्या से पहले अपनी फेसबुक आईडी पर एक सुसाइड नोट पोस्ट किया, जिसमें उसने अपने ताऊ के बेटे और छोटे भाई को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मोहराई गांव निवासी उत्तम सिंह धाकड़ उम्र 35 साल ने गुरुवार रात करीब 8:30 से 9:30 बजे के बीच अपने घर के एक कमरे में फांसी लगा ली। उस समय उसकी पत्नी घर के दूसरे कमरे में काम कर रही थी। कुछ देर बाद जब पत्नी कमरे में पहुंची, तो उत्तम फंदे पर लटका मिला। परिजन उसे तत्काल कोलारस स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हाथ से लिखा नोट पोस्ट किया
आत्महत्या से पहले उत्तम सिंह धाकड़ ने अपनी फेसबुक आईडी पर हाथ से लिखा एक सुसाइड नोट साझा किया। नोट में उसने लिखा कि वह अपनी मर्जी से आत्महत्या कर रहा है और इसके लिए उसके ताऊ कैलाश धाकड़ का बेटा कामता धाकड़ तथा उसका छोटा भाई रामेश्वर धाकड़ जिम्मेदार हैं। उत्तम ने आरोप लगाया कि दोनों उसे लंबे समय से मानसिक रूप से परेशान कर रहे थे।
सुसाइड नोट में उत्तम ने प्रशासन से अपने बच्चों को उनके अधिकार दिलाने की अपील की। उसने गांव के लोगों से भी अनुरोध किया कि वे उसके बच्चों का ध्यान रखें। उत्तम ने यह भी लिखा कि जिन लोगों को उसका पैसा देना है, वे वह राशि उसके बच्चों को दे दें। हालांकि, उसने सुसाइड नोट में किसी का नाम दर्ज नहीं किया।
जमीन के लिए परेशान कर रहे थे
मृतक के साले विष्णू धाकड़ ने आरोप लगाया कि उत्तम को जमीन के विवाद को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था, जिससे परेशान होकर उसने आत्महत्या की। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उत्तम द्वारा फेसबुक पर डाला गया सुसाइड नोट बाद में परिवार के कुछ सदस्यों ने डिलीट कर दिया, ताकि मामले को दबाया जा सके। कोलारस थाना प्रभारी पुनीत बाजपेई ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम करा लिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
फिलहाल पुलिस को सुसाइड नोट की हार्ड कॉपी नहीं मिली है। सोशल मीडिया पर वायरल सुसाइड नोट सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।