बडी खबर:घर से लापता दो चचेरी बहनों की लाश कुएं में मिली,चप्पलों से मिला सुराग

vikas
0
shivpuri-news

काजल सिकरवार शिवपुरी। शिवपुरी जिले के कोलारस अनुविभाग के तेंदुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत डेहरवारा गांव में दो नाबालिग चचेरी बहनों की मौत होने की खबर मिल रही है। गुरुवार शाम से घर से लापता दोनों 16 वर्षीय किशोरियों के शव शुक्रवार को गांव के एक कुएं से बरामद हुए। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है, वहीं मौत के कारणों को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या और हत्या, दोनों कोणों से देखा जा रहा है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए कोलारस भेज दिया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट होने की बात कही है।

गुरुवार शाम से थीं लापता जानकारी के अनुसार डेहरवारा गांव निवासी पूनम धाकड़ (16 वर्ष), पिता राजेन्द्र सिंह धाकड़ और कीर्ति धाकड़ (16 वर्ष), पिता सुघर सिंह धाकड़ गुरुवार देर शाम अपने-अपने घरों से अचानक लापता हो गई थीं। दोनों आपस में चचेरी बहनें थीं और एक-दूसरे के साथ अक्सर रहती थीं। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। इसके बाद मामले की सूचना तेंदुआ थाना पुलिस को दी गई और गुमशुदगी दर्ज कराई गई।

चप्पलों से मिला सुराग, कुएं से निकले शव शुक्रवार सुबह गांव के जय कॉन्वेंट स्कूल के पास स्थित एक कुएं के घाट पर कुछ ग्रामीणों ने चप्पलें पड़ी देखीं। आशंका होने पर इसकी सूचना पुलिस को दी गई। परिजनों ने चप्पलों की पहचान लापता किशोरियों में से एक की बताई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। सरपंच और ग्रामीणों की मौजूदगी में मोटर लगाकर कुएं का पानी निकालना शुरू किया गया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद जब पानी का स्तर नीचे पहुंचा तो कुएं के अंदर दोनों किशोरियों के शव दिखाई दिए। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दोनों शव बाहर निकलवाए और पोस्टमार्टम के लिए कोलारस अस्पताल भेज दिए।

पर्स में मिली पर्ची, जांच में नया पहलू मृतका पूनम के पिता *राजेन्द्र सिंह धाकड़ ने बताया कि उनकी बेटी के पर्स से एक पर्ची मिली है, जिस पर किसी लडके का मोबाइल नंबर लिखा हुआ था। इस पर्ची को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है और नंबर की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह नंबर किसका है और उसका इस घटना से कोई संबंध है या नहीं।

हत्या या आत्महत्या? कई सवालों के जवाब बाकी घटना के बाद गांव में कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं। कुछ लोग इसे प्रेम-प्रसंग (लव एंगल) से जोड़कर देख रहे हैं, जबकि कुछ ग्रामीणों को हत्या की आशंका भी है। हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि यह आत्महत्या का मामला है तो दोनों चचेरी बहनों ने एक साथ इतना बड़ा कदम क्यों उठाया? यदि हत्या हुई है तो दोनों को कुएं तक कौन लेकर गया और घटना के पीछे क्या वजह थी? इन सभी सवालों के जवाब फिलहाल जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आ सकेंगे।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस परिवार के सदस्यों, ग्रामीणों और किशोरियों के परिचितों से भी पूछताछ कर रही है। दो किशोरियों की एक साथ हुई इस दर्दनाक मौत ने पूरे डेहरवारा गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है। गांव में शोक का माहौल है और हर कोई यही जानना चाहता है कि आखिर दोनों बहनों के साथ ऐसा क्या हुआ, जिसने उनकी जिंदगी को इस दर्दनाक अंजाम तक पहुंचा दिया।







Post a Comment

0Comments

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!