शिवपुरी। मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा विद्यार्थियों में पर्यटन, इतिहास और सांस्कृतिक विरासत के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित मध्यप्रदेश पर्यटन क्विज प्रतियोगिता-2026 के लिए ऑनलाइन पंजीयन की अंतिम तिथि 25 जुलाई निर्धारित की गई है। हालांकि अंतिम तिथि नजदीक आने के बावजूद जिले के स्कूलों की भागीदारी अपेक्षा से कम बनी हुई है।
अब तक केवल 145 विद्यालयों ने ही पंजीयन कराया है, जबकि पिछले वर्ष 258 विद्यालयों ने इस प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था। प्रतियोगिता में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के शासकीय, अशासकीय, केंद्रीय विद्यालय एवं सीबीएसई स्कूलों के छात्र-छात्राएं भाग ले सकते हैं।
कलेक्टर ने दिए भागीदारी बढ़ाने के निर्देश
कम भागीदारी को देखते हुए कलेक्टर अर्पित वर्मा ने जिला शिक्षा अधिकारी, सभी खंड शिक्षा अधिकारियों एवं संकुल प्राचार्यों को निर्देश दिए हैं कि जिले के अधिक से अधिक विद्यालयों का ऑनलाइन पंजीयन सुनिश्चित कराया जाए, ताकि ज्यादा से ज्यादा विद्यार्थी प्रतियोगिता का लाभ उठा सकें।
7 अगस्त को होगी जिला स्तरीय प्रतियोगिता
जिला स्तरीय मध्यप्रदेश पर्यटन क्विज-2026 का आयोजन 7 अगस्त 2026 (शुक्रवार) को शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय (पीजी कॉलेज), शिवपुरी में किया जाएगा। प्रतियोगिता का आयोजन मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा जिला प्रशासन, जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद तथा स्कूल शिक्षा विभाग के सहयोग से किया जाएगा।
25 जुलाई शाम 5:30 बजे तक करें पंजीयन
प्रतियोगिता के लिए ऑनलाइन पंजीयन 1 जुलाई से 25 जुलाई 2026 तक जारी है। इच्छुक विद्यालय 25 जुलाई शाम 5:30 बजे तक एमपी टूरिज्म क्विज पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीयन कर सकते हैं। निर्धारित समय के बाद किसी भी विद्यालय का आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
अधिक जानकारी के लिए जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है। प्रशासन ने सभी विद्यालयों से समय रहते पंजीयन कराने और अधिक से अधिक विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।