फरहान काजी रन्नौद कोलारस। शिवपुरी जिले के रन्नौद थाना क्षेत्र में बुधवार शाम खरेह गांव के 55 वर्षीय बाइक सवार की ट्रैक्टर की टक्कर से मौके पर ही मौत हो गई, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि हादसे के बाद करीब दो घंटे तक न पुलिस मौके पर पहुंची और न ही एंबुलेंस। सड़क किनारे शव पड़ा रहा और लोग बेबस होकर प्रशासन का इंतजार करते रहे। मामले ने तब और तूल पकड़ लिया, जब ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विजय कहरी सिंह रघुवंशी मौके पर पहुंचे और पुलिस-प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए धरने पर बैठ गए।
जानकारी के अनुसार रन्नौद थाना क्षेत्र के खरेह गांव निवासी 55 वर्षीय जगदीश जोशी पुत्र भगवानलाल जोशी बुधवार शाम अपनी बाइक से सजाई मार्ग होते हुए गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे एक ट्रैक्टर ने कथित रूप से लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि जगदीश जोशी सड़क पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
राहगीरों ने किनारे रखा शव, लेकिन पुलिस का इंतजार करते रहे
हादसे के बाद आसपास से गुजर रहे लोगों ने मृतक के शव को सड़क से हटाकर किनारे रखा, ताकि यातायात प्रभावित न हो। देखते ही देखते गांव के एक दर्जन से अधिक लोग मौके पर एकत्र हो गए। ग्रामीणों का कहना है कि वे घायल को अस्पताल ले जाना चाहते थे, लेकिन मामला पुलिस से जुड़ा होने के कारण किसी ने शव को बिना पुलिस की मौजूदगी के अस्पताल पहुंचाने का साहस नहीं किया।
कांग्रेस नेता का आरोप- कई बार फोन किए, फिर भी नहीं पहुंची पुलिस
सूचना मिलने पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विजय कहरी सिंह रघुवंशी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि रन्नौद थाना प्रभारी और पुलिस स्टाफ को कई बार फोन किए गए, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी कोई मौके पर नहीं पहुंचा। उनका कहना है कि केवल पुलिस ही नहीं, बल्कि एसडीएम और तहसीलदार को भी घटना की जानकारी दी गई, फिर भी कोई अधिकारी मौके पर नहीं आया।
धरने पर बैठे कांग्रेस नेता, प्रशासन के खिलाफ जताया विरोध
प्रशासन की ओर से सुनवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। उन्होंने कहा कि यदि सड़क हादसे में मृत व्यक्ति का शव घंटों तक सड़क पर पड़ा रहे और प्रशासन मौके पर न पहुंचे, तो यह व्यवस्था की गंभीर विफलता है। उन्होंने मामले में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की।
ट्रैक्टर चालक की तलाश में जुटी पुलिस
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा बुधवार शाम करीब 4 बजे खरेह गांव के पास सुशील रघुवंशी के पेट्रोल पंप के समीप हुआ। राहगीरों का कहना है कि ट्रैक्टर चालक तेज गति और लापरवाही से वाहन चला रहा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ। घटना के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। फिलहाल पुलिस द्वारा ट्रैक्टर चालक की तलाश और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। वहीं, ग्रामीणों और कांग्रेस नेताओं द्वारा लगाए गए आरोपों पर पुलिस और प्रशासन की आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।
.webp)
प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।