Shivpuri News: जंगल मे लटकी मिली 15 साल की ज्योति की लाश, जिले में आज 6 मौते,पढिए खबर

Lalit Mudgal
0

shivpuri-samachar

शिवपुरी।
शिवपुरी जिले मे पिछले 24 ​घंटे में 6 मौते होने की खबर मिल रही है। यह सभी मौते जिले के अलग अलग थाना सीमाओ मे हुई हैं।  कहीं सड़क हादसे ने परिवारों की खुशियां छीन लीं, तो कहीं एक किशोरी जंगल में पेड़ से फंदे पर लटकी मिली। बागेश्वर धाम से लौट रहे श्रद्धालुओं का सफर मातम में बदल गया, वहीं दूसरी शादी के चार महीने बाद एक महिला ने होटल के कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। उधर रन्नौद में सड़क हादसे के बाद मृतक का शव घंटों सड़क किनारे पड़ा रहा और पुलिस-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो गए। एक ही दिन में हुई इन छह मौतों ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया।

जंगल में पेड़ से लटका मिला 15 वर्षीय किशोरी का शव पहली घटना गोपालपुर थाना क्षेत्र के खटका गोपालपुर गांव की है। यहां 15 वर्षीय ज्योति आदिवासी मंगलवार दोपहर घर से लापता हो गई थी। परिजनों ने पूरी रात उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार सुबह गांव के जंगल में उसका शव पेड़ से फंदे पर लटका मिला।

परिजनों के मुताबिक ज्योति गांव के एक 24 वर्षीय युवक के साथ रहने की जिद कर रही थी। इसी बात को लेकर वह नाराज होकर घर से चली गई थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

बागेश्वर धाम से लौटते समय दो श्रद्धालुओं की मौत दूसरी बड़ी घटना सुरवाया थाना क्षेत्र में एनएच-27 पर हुई। राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के श्रद्धालु बागेश्वर धाम के दर्शन कर इको वैन से लौट रहे थे। देर रात उनकी गाड़ी आगे चल रहे डंपर से टकरा गई।

हादसे में 40 वर्षीय शांता देवी और इको चालक भरत माली (45) की मौत हो गई, जबकि सात अन्य श्रद्धालु घायल हो गए। सभी घायलों का उपचार शिवपुरी मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। मृतक भरत माली अपने पीछे दो नाबालिग बेटियों को छोड़ गए हैं, जबकि शांता देवी का परिवार हर महीने बागेश्वर धाम दर्शन के लिए जाता था।

इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती, दूसरी शादी के चार महीने बाद महिला ने दी जान तीसरी घटना कोलारस थाना क्षेत्र के एनएच-46 स्थित खाटू श्याम होटल की है। यहां 30 वर्षीय लक्ष्मी कुशवाह ने होटल के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जानकारी के अनुसार लक्ष्मी के पहले पति ने करीब एक वर्ष पहले आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद इंस्टाग्राम के माध्यम से उसकी झांसी निवासी पंकज जाटव से दोस्ती हुई और दोनों ने 7 मार्च 2026 को मंदिर में विवाह कर लिया था। पति के अनुसार पारिवारिक विवाद और अन्य कारणों से दोनों के बीच तनाव रहता था। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

ट्रैक्टर की टक्कर से किसान की मौत, दो घंटे तक सड़क पर पड़ा रहा शव चौथी घटना रन्नौद थाना क्षेत्र के खरेह गांव में हुई, जहां 55 वर्षीय जगदीश जोशी की ट्रैक्टर की टक्कर से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने शव को सड़क किनारे रख दिया, लेकिन आरोप है कि करीब दो घंटे तक न पुलिस मौके पर पहुंची और न ही एंबुलेंस। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विजय कहरी सिंह रघुवंशी ने पुलिस और प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मौके पर धरना दे दिया। उनका कहना था कि थाना प्रभारी, एसडीएम और तहसीलदार को कई बार सूचना देने के बावजूद कोई अधिकारी समय पर नहीं पहुंचा। पुलिस और प्रशासन की ओर से इन आरोपों पर आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।

पहले सड़क हादसा समझा, बाद में हुई महिला की पहचान इसी दिन सुभाषपुरा थाना क्षेत्र में मंगलवार को मिले सड़क हादसे में मृत महिला की पहचान भी हुई। परिजनों ने शव की पहचान 26 वर्षीय नेहा रावत के रूप में की, जो मूल रूप से लखनऊ की रहने वाली थी। बताया गया कि पहली शादी टूटने के बाद उसने अपनी पसंद से दूसरी शादी कर ली थी और पिछले तीन वर्षों से परिवार से उसका संपर्क नहीं था। हादसे के समय वह एक युवक के साथ स्कूटी पर थी। युवक घायल होने के बाद इलाज के लिए ग्वालियर चला गया था। पुलिस इस मामले की भी जांच कर रही है।

Post a Comment

0Comments

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!